Accident in Ambikapur: अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग की लापरवाही से एक और हादसा हो गया।शहर से लगे लुचकी घाट के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप किसी प्रकार का कोई सूचना संकेतक नहीं लगाए जाने से अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे सो रहे दो मजदूरों को टक्कर मार दी। सोते हुए श्रमिको के कार से कुचल जाने से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दूसरा श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल श्रमिक को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है।दुर्घटना के बाद कार को छोड़कर चालक फरार हो गया है।पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।
कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग अंबिकापुर शहर से होकर गुजरी है।अंबिकापुर शहर के नजदीक लुचकी घाट के खतरनाक मोड़ को कम करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा यहां फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है।यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक कार्य करते है।बाहरी श्रमिकों का आवास भी वही है।निर्माणाधीन स्थल पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के द्वारा सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं है।
बताया जा रहा है कि रविवार की तड़के सड़क किनारे मजदूर सो रहे थे।उसी दौरान तेज गति की कार के चालक का नियंत्रण हट गया।बेकाबू कार मजदूरों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई।इससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।तत्काल दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। यहां एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया।दूसरा श्रमिक गंभीर है।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की अनदेखी से यहां लगातार हादसे हो रहे है।कुछ महीने पहले यहां निर्माणाधीन सड़क पर बारातियों से भरी बस पलट गई थी।इसमें एक बराती की मौत हो गई थी।राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदयपुर के समीप अधूरे सड़क निर्माण के कारण पुलिसकर्मियों की बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
इसमें एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई थी।जांच में सड़क सुरक्षा उपायों की अनदेखी की पुष्टि होने पर पहली बार सड़क निर्माण ठेका कंपनी के विरुद्ध एफआइआर पंजीकृत किया गया है।रविवार सुबह हुए हादसे की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।वाहन मालिक व चालक की खोजबीन की जा रही है।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari