अंबिकापुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। बिहार के सिवान और गोपालगंज जिले के डांस ग्रुप (आर्केस्ट्रा) में कार्य करने वाली दो युवतियों सहित चार लोगों को ज्यादा कमाई करने का लालच महंगा पड़ गया। ज्यादा कमाई के चक्कर में वेदांता तस्करी के धंधे में शामिल हो गए छत्तीसगढ़ के जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लेकर बिहार जाने की तैयारी में अंबिकापुर बस स्टैंड में चारों को पकड़ लिया गया। इनके पास से कुल 28 किलो गांजा बरामद हुआ है।

पकड़े गए आरोपितों में ई-9 वेस्ट चौबागा 105 पुलिस थाना आनंदोपुर कोलकाता निवासी सोनी खातून (30)

नितिश कुमार भारती (25) निवासी बाबू बिसूनपुर जादवपुर जिला गोपालगंज बिहार, बिहारी कुमार साहू ( 26) निवासी माधोपुर बढहरीया जिला सिवान बिहार तथा नमीरा परवीन( 22) निवासी अगा मेहन्दी गली पार्क स्ट्रीट कोलकाता शामिल है। इस क्षेत्र से आरोपितों द्वारा पहली बार गांजा की तस्करी की जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक सरगुजा पुलिस को सूचना मिली थी कि जगदलपुर से अंबिकापुर तक आने वाली बस में दो युवती और दो युवक गांजा लेकर अंबिकापुर के रास्ते बिहार जाने वाले हैं। सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

गुरुवार की सुबह जगदलपुर से अंबिकापुर पहुंची बस की निगरानी में पुलिसकर्मी लगे हुए थे। बस जैसे ही बस स्टैंड पहुंची यात्रियों के साथ दोनों युवती और दो युवक भी उतरे। उनके पास बैग भी था पुलिस को संदेह हो गया कि इन्हीं चारों के द्वारा गांजा लाया जा रहा है। पहले से ही सतर्क पुलिस टीम ने चारों को पकड़ लिया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उनके पास से गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा 28 किलो निकला।

आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि जगदलपुर क्षेत्र से गांजा खरीद कर बिहार के गोपालगंज और सिवान क्षेत्र में खपाने जा रहे थे।इधर से कम दाम में गांजा ले जाकर बिहार में ज्यादा दाम में बिक्री करने की मंशा उनकी थी। पहली बार वे दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से गांजा लेकर अंबिकापुर होते जा रहे थे।

आरोपितों से पूछताछ में बस्तर संभाग में इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के संबंध में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली है।आरोपितों द्वारा बिहार में गांजा का अवैध कारोबार किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। इस संपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस सहायता केंद्र बस स्टैंड के प्रभारी अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में पुलिसकर्मी सक्रिय रहे।

कोलकाता की युवतियां बिहार के डांस ग्रुप में करती थी काम

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि कोलकाता की दोनों युवतियां घर छोड़कर बिहार के सिवान और गोपालगंज क्षेत्र में एक डांस ग्रुप में शामिल होकर कार्य किया जाता था।इनके द्वारा आर्केस्ट्रा के साथ नृत्य प्रस्तुति का कार्य किया जाता था।पकड़े गए दोनों युवक भी उसी डांस ग्रुप में ही काम करते थे। ऐसे में इनकी नजदीकियां बढ़ गई थी।

ज्यादा कमाई के चक्कर में गांजा तस्करी के धंधे में उतर गए

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप में नियमित काम नहीं मिल पाता था। मेहनत के अनुरूप पारिश्रमिक भी कम था। ऐसे में चारों ने कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का लालच किया। इसके लिए आरोपितों ने गांजा तस्करी करने का मन बनाया।

आरोपितों ने छत्तीसगढ़ के ओडिशा से लगे बस्तर क्षेत्र में गांजा की उपलब्धता को देखते हुए प्रयास शुरू किया। सेटिंग हो जाने के बाद वे खुद गांजा की खेप लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पुलिस को गोपालगंज व सिवान क्षेत्र से ही यह सूचना मिल गई थी कि दोनों युवती परिचित दो युवक के साथ गांजा लेने गए हुए हैं और अंबिकापुर के रास्ते वापस लौटेंगे।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close