अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट, मुलाकात के लिए मंगलवार को लुंड्रा विधानसभा के सहनपुर, करजी, बटवाही ग्राम पहुंचे। सहनपुर में आम के पेड़ के नीचे लोगों से भेंट मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए धौरपुर में नया महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी आए इसके लिए मुख्यमंत्री ने धौरपुर में एसडीएम कार्यालय कार्यालय खोलने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मछली नदी पर पुल निर्माण, रघुनाथपुर में उप तहसील खोलने, सहनपुर मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्ना्‌यन करने के साथ ही सहनपुर में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। यहां स्कूली बच्चों की मांग पर उन्होंने खेल का सामान भी दिया।

मुख्यमंत्री ने साप्ताहिक बाजार में शेड और चबूतरा का निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल लुंड्रा एवं कुदारी लमगांव में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौली, बरगीडीह, रघुनाथपुर में भवन निर्माण की स्वीकृति भी दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने यह भी कहा है कि जनता की सुविधा के लिए जहां जिस चीज की आवश्यकता होगी वहां उसे जरूर पूर्ण किया जाएगा।

वर्षो से उपेक्षित था धौरपुर

सरगुजा जिले का धौरपुर दो राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है पर वर्षो से उपेक्षित है। आजादी के बाद पहली बार यहां सड़कों का निर्माण हो रहा है। चौड़ी सड़कों के साथ अब मुख्यमंत्री ने यहां महाविद्यालय की सौगात दे दी है। वही एसडीएम कार्यालय खुल जाने से लोगों को 40 किलोमीटर दूर अनुभाग मुख्यालय अंबिकापुर आना नहीं पड़ेगा। धौरपुरवासियों के लिए आज का यह दिन खास है क्योंकि वर्षो से यहां के युवा छात्र महाविद्यालय खोले जाने की मांग कर रहे थे जिसे मुख्यमंत्री ने पूरी कर दी है। बता दें धौरपुर में बरसों से तहसील कार्यालय है किंतु इसका ब्लाक मुख्यालय लुंड्रा है जो 25 किलोमीटर दूर है। धौरपुर तहसील अंतर्गत लगभग 50 गांव आते हैं। लुंड्रा विधायक डा. प्रीतम राम लगातार एसडीएम कार्यालय एवं महाविद्यालय खोलने की मांग करते आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कतकालो में जल शोधन संयंत्र का लिया जायजा

अमृत मिशन के तहत कतकालो में निर्मित जल शोधन संयंत्र का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जायजा लिया। यहां की अत्याधुनिक जल शोधन संयंत्र को देख वे काफी प्रसन्ना्‌ हुए। अंबिकापुर शहर से लगभग आठ किलोमीटर दूर स्थित कतकालो फिल्टर प्लांट से शहर में पानी की सप्लाई की जाती है। एक अरब से अधिक के इस परियोजना का काम लगभग पूरा हो गया है। शहर के नागरिकों को इसी से शुद्ध पानी भी मिल रहा है। अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त के विजय दयाराम ने पूरे परियोजना के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस जल शोधन संयंत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। यह 434.40 लाख रुपये की लागत से बना है। 15 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र है। लगभग 75 हजार जनसंख्या को इससे शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। छह उच्च स्तरीय जलागारों को इसी से भरा जा रहा है। यह मिशन अमृत- आवर्धन पेयजल परियोजना के तहत नगर निगम अंबिकापुर द्वारा संचालित हो रहा है।

चेंच-लकड़ा की रसेदार सब्जी, जवा फुल चावल का लिया स्वाद-

मुख्यमंत्री ने दोपहर का भोजन करजी में अवधेश प्रजापति के साथ जमीन पर बैठकर उनके साथ में किया। मंत्रोच्चार के साथ परिवार की सदस्य गुलाबी प्रजापति द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मिट्टी के चूल्हे पर बने ठेठ सरगुजिहा भोजन चेंच, लकड़ा की रसेदार सब्जी, उड़द दाल का बड़ा, जवा फूल चावल, अरहर दाल, आम की चटनी व पापड़ मुख्यमंत्री को परोसा गया। मुख्यमंत्री ने घर की महिलाओं को साड़ी भेंट की। बिटिया मधुलिका ने मुख्यमंत्री को चारकोल पेंसिल से बनाई उनकी तस्वीर भेंट की तो मुख्यमंत्री ने चित्रकारी के हूनर की सराहना की। भोजन की भी उन्होंने जमकर तारीफ की।

बलिदानी श्याम किशोर के नाम होगा स्टेडियम-

करजी की जन चौपाल में ग्रामीणों ने बलिदानी श्याम किशोर शर्मा का जिक्र किया तो मुख्यमंत्री ने तत्काल कतकालो में नवनिर्मित स्टेडियम का नामकरण बलिदानी उपनिरीक्षक श्याम किशोर शर्मा के नाम किया। यहां जन चौपाल में उन्होंने देवगुड़ी निर्माण के लिए पांच लाख, यहां के बैगा को राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने करजी पटवारी कार्यालय का निरीक्षण कर कोई शिकायत नहीं मिलने पर पटवारी गया राम सिंह की सराहना की।

ग्रामीणों को देख मुख्यमंत्री ने रूकवाई गाड़ी

मुख्यमंत्री जब बटवाही से सड़क मार्ग से अंबिकापुर लौट रहे थे तो रास्ते में ग्रामीणों को देखकर अपनी गाड़ी र्स्कवा दी। ग्रामीणों से बात की। स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ बटवाही के उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने जन चौपाल में रघुनाथपुर से बुलगा तक पक्की सड़क, बटवाही में हाई स्कूल तथा तपता से खड़गवां मार्ग में पुलिया निर्माण की घोषणा की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता से फोन पर की बात-

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता अपने गृहग्राम करजी में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे। मुख्यमंत्री को जब पता चला कि वे पारिवारिक सदस्य के स्वास्थ्यगत कारणों से रायपुर गए हैं तो उन्होंने विधायक डा. प्रीतम राम के मोबाइल पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष से बातचीत की और कुशलक्षेम जाना। करजी क्षेत्र की समस्याओं से भी वे कांग्रेस जिलाध्यक्ष से अवगत हुए।

Posted By: Nai Dunia News Network

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़