भिलाई। Bhilai News जरवाय स्थित गोठान का निरीक्षण कर लौट रहे भाजपा नेताओं की नजर एक मृत गाय पर पड़ी। मृत गाय को एक गाड़ी से बांधकर रस्सी से घसीटते हुए ले जाया जा रहा था। इसे देखकर भाजपा नेता बिफर पड़े। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की गोधन न्याय योजना पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि मृत गाय को ले जाने वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाना किस तरह की गोधन न्याय योजना है।

भाजपाइयों ने इन दिनों गोठानों का निरीक्षण कर पोल खोल अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को भाजपा नेता भिलाई चरोदा निगम के जरवाय स्थित गोठान का निरीक्षण करने पहुंचे थे। गोठान का निरीक्षण कर लौट रहे भाजपा नेताओं की मृत गाय पर पड़ी। मृत गाय के एक पैर को रस्सी से बांधा गया था और रस्सी का दूसरा छोर एक गाड़ी से बंधा हुआ था। गाय को रस्सी से बांधकर घसीटते हुए ले जाया जा रहा था। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। मौके पर मौजूद अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे व अन्य भाजपा नेता इस घटनाक्रम को लेकर आक्रोशित हो गए।

विधायक ने वाहन चालक को फटकार लगाते हुए कहा कि मृत गाय को ले जाने के लिए भिलाई चरोदा निगम से गाड़ी क्यों नहीं बुलाई। विधायक ने कहा कि भिलाई चरोदा निगम और राज्य दोनों ही जगह कांग्रेस की सरकार है। सरकार गोधन न्याय योजना चला रही है। लेकिन मृत मवेशी को ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो प्रसारित होने के बाद भिलाई चरोदा निगम प्रशासन हरकत में आया। मामले में निगम प्रशासन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि प्रसारित वीडियो भिलाई चरोदा निगम के गोठान से संबंधित नहीं है। जरवाय निवासी परमेश्वर यादव द्वारा स्वयं के पाले हुए एक गाय के मृत हो जाने पर उसको दफनाने निजी वाहन से ले जा रहा था। जिसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में वायरल किया गया। इस संबंध में निगम प्रशासन ने गोपालक परमेश्वर यादव का बयान भी लिया है।

भिलाई चरोदा निगम सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अश्वनी चंद्राकर का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो एवं घटना का संबंध भिलाई चरोदा निगम के गोठान एवं गोठान में रखे गए गोधन से नहीं है। यदि किसी व्यक्ति,संस्था या दल द्वारा मृत गाय का संबंध निगम द्वारा संचालित गोठान से जोड़ने का प्रयास किया जाता है तो वह गलत है।

Posted By: Vinita Sinha

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़