Accident in Bilaspur: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। बेटी को किम्स अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घर लौट रहे ग्रामीण को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल भेजा। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश कर रही है।
देर रात पेंड्री के पास हुआ हादसा
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम नरियरा में रहने वाले मिथलेश दुबे किसान हैं। उनकी बेटी स्वाति दुबे की तबीयत खराब थी। वे अपनी पत्नी पूनम दुबे और बेटी को लेकर किम्स अस्पताल आए थे। यहां पर अपनी बेटी को भर्ती कराने के बाद शनिवार की रात गांव लौट रहे थे। वे ग्राम पेंड्री स्थित जायसी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उनके मोबाइल पर काल करके हादसे की जानकारी उनकी पत्नी पूनम को दी। इस पर महिला ने अपने देवर रविंद्र को इस संबंध में बताया। रविंद्र ने हादसे की शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश कर रही है।
ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार गंभीर
सकरी क्षेत्र के लोखंडी ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। कोनी क्षेत्र के निरतू में रहने वाले मनोज पटेल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका बड़ा भाई परमेश्वर पटेल(40) खेती किसानी करता है। रविवार की शाम वे किसी काम से अपने टीवीएस मोपेड को लेकर लोखंडी की ओर जा रहे थे। लोखंडी ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को आसपास के लोगों ने अस्पताल भेजा है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। मनोज की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
Posted By: Abrak Akrosh
- Font Size
- Close