Atal Bihari Vajpayee University: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। कालेजों में मनमानी शुल्क वसूली को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की सख्ती का असर दिखने लगा है। गुरुवार को नलिनी देव प्रभा प्रसाद राय(एनडीआर) महाविद्यालय ने 800 रुपये प्रायोगिक शुल्क को घटाकर 600 रुपये कर दिया। बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और पेंड्रारोड के 109 कालेजों ने अब तक शुल्क संरचना को लेकर कोई जवाब नहीं दिया है।

कालेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर के नियमित व स्वाध्यायी छात्रों से मुख्य परीक्षा के नाम पर मनमानी शुल्क वसूली की लगातार शिकायत और छात्र-छात्राओं के हंगामे के बाद अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय ने संबद्ध सभी 110 कालेजों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। पत्र जारी होने के दो दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी कालेज ने शुल्क संरचना को लेकर कोई जवाब नहीं दिया है।

इसे लेकर विश्वविद्यालय भी रणनीति बनाने में जुट गया है। वहीं, दूसरी ओर सरकंडा स्थित नलिनी देव प्रभा प्रसाद राय(एनडीआर) महाविद्यालय में एनएसयूआइ का हंगामा जारी रहा। सरकंडा पुलिस ने कालेज प्रशासन और एनएसयूआइ पदाधिकारियों के बीच गुरुवार को मध्यस्थता कराई। इसके बाद कालेज ने परीक्षार्थियों से 800 के बजाय 600 रुपये प्रायोगिक शुल्क लेने का निर्णय लिया। इसके साथ ही मामले का पटाक्षेप हो गया।

कुलपति आचार्य वाजपेयी नाराज

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य प्रो. अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी कालेजों के प्रबंधन से बेहद नाराज हैं। कुलसचिव कार्यालय से शुल्क संरचना को लेकर जानकारी मांगे जाने के बाद भी एक भी कालेज ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। एनडीआर कालेज ने भले ही शुल्क घटाया है लेकिन कोई जानकारी विश्वविद्यालय को अवगत नहीं कराया है। कुलपति ने प्रमुख संस्थाओं की कुंडली भी निकलवाई है।

शुल्क पर जारी रहेगा अभियान

एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, महासचिव रंजेश सिंह और लोकेश नायक के नेतृत्व में आंदोलन कर एडीआर कालेज पर दबाव बनाया गया। इसके बाद परीक्षार्थियों को राहत मिली। यह अभियान जारी रहेगा। रंजीत ने कहा कि शहर के प्रमुख बड़े कालेजों पर भी दबाव बनाएंगे। ताकि छात्र-छात्राओं को लाभ मिल सके। मनमाने शुल्क वसूली नहीं होने देंगे।

विवि ने मांगी है ये जानकारी

- महाविद्यालयों में कुल कितने मद में शुल्क लिया जा रहा है।

- निर्णय किसका, शासन, महाविद्यालय या शासी निकाय।

- शुल्क वसूली पर कोई नियम है तो उसकी जानकारी देें।

- कार्यालय को जानकारी बिंदुवार देना अनिवार्य है।

क्या कहता है विश्वविद्यालय प्रबंधन

परीक्षार्थियों से मनमाना शुल्क लेना उचित नहीं है। सभी कालेजों को नोटिस जारी किया है। एक-दो दिन इंतजार कर रहे हैं। छात्रहित में ही कदम उठाएंगे। किसी भी संस्था को नियम विरुद्ध काम करने नहीं देंगे।

शैलेंद्र दुबे, कुलसचिव (प्रभारी)

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर

Posted By: Abrak Akrosh

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close