Atal Bihari Vajpayee University: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय प्रशासन स्वाध्यायी छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। मंगलवार को कुलसचिव कार्यालय द्वारा 110 कालेजों के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया। इसमें विभिन्न् मदाें में ली जाने वाली फीस का तत्काल विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। महाविद्यालयों को अतिरिक्त शुल्क पर रोक लगाने के लिए भी कहा है।
नईदुनिया ने उठाया था मुद्दा
नईदुनिया 29 जनवरी के अंक में प्रायोगिक शुल्क के नाम पर हो रही वसूली शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें छात्रों की नाराजगी और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा कालेजों में घेराव को लेकर विस्तार से जानकारी थी। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय प्रशासन खबर के बाद सक्रिय हो गया है। मंगलवार को बिलासपुर, मुंगेली, पेंड्रारोड व कोरबा जिले के सभी 110 कालेजों के प्राचार्यों को नोटिस जारी कर सभी मदों में लिए जाने वाले शुल्क को लेकर विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय के अकादमिक विभाग में प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। कुलसचिव शैलेंद्र दुबे और उप कुलसचिव नेहा यादव के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के बाद कालेजों में हडकंप मच गया है। मुख्य परीक्षा से ठीक पहले इस चिट्ठी ने सभी की नींद उड़ा दी है। माना जा रहा है कि बुधवार से विश्वविद्यालय में अब माहौल गरमा सकता है।
ये जानकारी मांगी
- महाविद्यालयों में कुल कितने मद में शुल्क लिया जा रहा है।
- निर्णय किसका, शासन, महाविद्यालय या शासी निकाय।
- शुल्क वसूली पर कोई नियम है तो उसकी जानकारी देें।
- कार्यालय को जानकारी बिंदुवार देना अनिवार्य है।
नलिनी प्रभा कालेज पर नाराज
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय प्रशासन ने सरकंडा स्थित नलिनी प्रभा देव प्रसाद राय महाविद्यालय में अवैध वसूली को लेकर अलग से आदेश जारी किया है। इसमें एनएसयूआइ की शिकायत का हवाला देते हुए 800 से 2800 शुल्क का उल्लेख किया गया है। नियमविरुद्ध शुल्क वसूली पर विश्वविद्यालय ने कड़ी कार्रवाई करने चेतावनी भी दी है। शुल्क संरचना को लेकर तत्काल रिपोर्ट मांगी है। ज्ञात हो कि एनएसयूआइ के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने महाविद्यालय का घेराव कर मुद्दा उठाया था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने कदम उठाया है।
मनमानी वसूली बंद करने किया घेराव
मंगलवार के एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने फिर से कुलसचिव कार्यालय का घेराव कर कालेजों में प्रायोगिक और अन्य मदों पर अवैध रूप से लिए जा रहे शुल्क पर कड़ा विरोध जताया। प्रदेश सचिव लोकेश नायक, रंजेश, पुष्पराज साहू, ऋषि पटेल, उमेश चंद्रवंशी आदि कार्यकर्ताओं ने ऐसी संस्थाओं की संबद्धता तत्काल समाप्त करने मांग की। ऐसा नहीं करने पर उग्र आंदोलन करने चेतावनी दी।
क्या कहता है विश्वविद्यालय प्रबंधन
अवैध रूप से शुल्क को लेकर महाविद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बिदंुवार शुल्क की जानकारी प्रस्तुत करने कहा है। नियमविरुद्ध किसी भी तरह का शुल्क लेने से संस्थाओं को मना किया है। उपयुक्त जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई होगी।
शैलेंद्र दुबे, कुलसचिव (प्रभारी)
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर
Posted By: Abrak Akrosh
- Font Size
- Close