Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। तीन महीने में 10 लाख की कमाई का लालच देकर जालसाजों ने प्रापर्टी डीलर से 30 लाख स्र्पये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिंधी कालोनी में रहने वाले राजेश अग्रवाल प्रापर्टी डीलर हैं। उन्होंने बताया कि चार साल पहले वे किसी काम से जबलपुर गए थे। ट्रेन से लौटते समय उनकी मुलाकात मध्य प्रदेश के रीवा क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया मंे रहने वाले राजेश पाठक से हुई। बातचीत के दौरान राजेश ने स्वयंसेवी संगठन चलाने की बात कही। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर भी ले लिया। इसके बाद 2022 तक दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती रही। एक साल पहले राजेश पाठक ने बताया कि उनके संगठन को बड़ा काम मिला है। इसमें 30 लाख रुपये लगाने पर तीन महीने में ही 10 लाख रुपये का मुनाफा होगा। राजेश के बुलाने पर प्रापर्टी डीलर अपने दोस्त कमलकांत मिश्रा को लेकर रांची गए। वहां पर राजेश ने प्रापर्टी डीलर को अपने साथियों रामाशीष कुमार और प्रकाश सिंह पटेल से मिलाया। तीनों प्रापर्टी डीलर को लेकर अपने आफिस गए। वहां पर बातचीत के बाद प्रापर्टी डीलर अपने साथी को लेकर शहर लौट आए।

यहां पर उन्होंने अपने दोस्त मनीष मोटवानी को पूरी बात बताकर रुपये की व्यवस्था करने को कहा। इसके कुछ दिनों बात राजेश पाठक बिलासपुर आया। यहां पर प्रापर्टी डीलर ने अपने साथियों के साथ राजेश से मुलाकात उसके कहने पर प्रापर्टी डीलर ने 30 लाख स्र्पये दे दिए। राजेश ने इसके दो रसीद भी दी। सात महीने बाद राजेश ने प्रापर्टी डीलर को लागत और मुनाफे की रकम लेने के लिए रांची बुलाया। इस पर 10 जुलाई 2022 को प्रापर्टी डीलर रांची पहुंच गए। वहां बातचीत के बाद राजेश ने रुपयों को बिलासपुर पहुंचाने की बात कही। इसके बाद उन्हें रुपयों के लिए पटना बुलाया।

पटना से उन्हें जसीडीह रेलवे स्टेशन में मिलने के लिए बुलाया। यहां पर राजेश एक सूटकेस लेकर ट्रेन में सवार हो गया। उसने प्रापर्टी डीलर को बताया कि उनकी रकम सूटकेस में है। मोकामा रेलवे स्टेशन में राजेश सूटकेस लेकर उतर गया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद से राजेश रुपये देने के लिए टाल मटोल कर रहा है। प्रापर्टी डीलर की शिकायत पर पुलिस ने राजेश पाठक, रामाशीष कुमार और प्रकाश पटेल निवासी रांची झारखंड के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

Posted By: Abrak Akrosh

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close