Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। मंगला स्थित ठेठाडबरी रेलवे ट्रैक के पास झुलसी मिली महिला की पहचान बुधवार की शाम पति और बेटे ने की। पुलिस ने उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली है। गुस्र्वार को शव स्वजन को सौंपा जाएगा। वहीं, पीएम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
सिविल लाइन क्षेत्र के मंगला स्थित ठेठाडबरी रेलवे ट्रैक के पास शुक्रवार की शाम एक महिला गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इस बीच पुलिस महिला की पहचान में जुटी थी। पहचान नहीं हो पाने के कारण मंगलवार को शव का पीएम कराया। बुधवार को सकरी क्षेत्र के परसदा में रहने वाले संतोष कुमार गुप्ता(60) व उनके बेटे ओम प्रकाश गुप्ता(18) सिविल लाइन थाने पहुंचे।
उन्होंने जेवर को देखकर महिला की पहचान राजरानी गुप्ता(48) के रूप में की। स्वजन ने बताया कि राजरानी कुछ महीनों से घर छोड़कर अलग रह रही थी। इस बीच वह परिवार के लोगों के संपर्क में नहीं थी। वर्तमान में वह किसके साथ रह रही थी यह परिवार वालों को नहीं पता है। स्वजन से पूछताछ के बाद पुलिस महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अकेले घूमती दिखी महिला
सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि महिला की पहचान के बाद आसपास के सीसीटीवी का फुटेज देखा गया। इसमें महिला मंगला क्षेत्र में अकेले घूमते हुए दिख रही है। एक दुकान के पास महिला अकेले बैठी थी। इस बीच उसने किसी से बात भी नहीं की। इसके आधार पर पुलिस को आशंका है कि महिला घटनास्थल पर अकेले गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
Posted By: Abrak Akrosh