Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। साइंस कालेज का छात्र दोस्तों के साथ कालेज बिल्डिंग की छत पर वीडियो रील बना रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। इससे छात्र 20 फीट ऊंची बिल्डिंग से जमीन पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। शनिवार को स्वजन की मौजूदगी में शव का पीएम कराया जाएगा।

जांजगीर-चांपा जिले के सरखो निवासी आशुतोष साव(20) बीसीए सेकेंड ईयर के छात्र थे। वे यहां किराए की मकान में रहकर साइंस कालेज में पढ़ाई करते थे। शुक्रवार को वे पढ़ाई करने कालेज गए थे। पढ़ाई के बाद शाम पांच बजे वे अपने तीन दोस्तों के साथ कालेज बिल्डिंग की छत पर चले गए। चारों दोस्त छत पर इंस्टाग्राम पर वीडियो रील बना रहे थे। इसी दौरान आशुतोष का पैर फिसल गया।

वे 20 फीट ऊंची बिल्डिंग से जमीन पर गिर गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटे आई थी। दोस्तों ने इसकी सूचना कालेज प्रबंधन को देकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने आशुतोष को मृत घोषित कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के स्वजन को दी गई है। शनिवार को स्वजन की मौजूदगी में शव का पीएम कराया जाएगा।

दोस्तों से होगी पूछताछ, मोबाइल जब्त

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के दौरान आशुतोष के साथ मौजूद दोस्तों की जानकारी ली है। फिलहाल उनसे घटना के संबंध में पूछताछ नहीं हो पाई है। पुलिस ने आशुतोष के मोबाइल को जब्त कर लिया है। इसके अलावा कालेज प्रबंधन से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जाएगी।

कूदने के लिए उकसाते रहे दोस्त

घटना के बाद छात्र का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि यह वीडियो छात्र से गिरने के पहले का है। इसमें पहले छात्र अपने दोस्त का हाथ पकड़कर वेंटिलेटर के छज्जे पर कूदते हुए दिखाई दे रहा है। बातचीत में छात्र के दोस्त उसे दूसरे वेंटिलेटर तक कूदने के लिए कह रहे हैं। उसका वजन कम होने के कारण छज्जा नहीं टूटने की बात कह रहे हैं।

कालेज में फैली सनसनी

घटना की जानकारी मिलते ही कालेज में मौजूद छात्र घटना स्थल पर पहुंच गए। वहीं, कालेज के कर्मचारी और प्राध्यापक भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, शाम तक कई छात्र अपने घर लौट चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र कालेज पहुंच गए। इसके बाद छात्रों का समूह अस्पताल गया।

इकलौता बेटा था आशुतोष

घटना के बाद आशुतोष के दोस्तों ने बताया कि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता व्यवसायी हैं। घटना की जानकारी दोस्तों ने उसके पिता को दे दी है। इसके बाद वे स्वजन के साथ देर शाम शहर पहुंच गए हैं। स्वजन ने थाने जाकर घटना के संबंध में जानकारी ली है। उसकी एक बहन गांव में ही पढ़ रही है।

दोस्त भी सदमे में

घटना के दौरान आशुतोष अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ वीडियो बनाने के लिए छत पर गया था। इस दौरान उसने अपने एक दोस्ता का हाथ भी पकड़ा था। हादसे के बाद उसके साथ छत पर गए दोस्त सदमे में हंै। उनकी स्थिति देखते हुए पुलिस ने पूछताछ नहीं की है।

Posted By: Abrak Akrosh

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close