Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंस्टाग्राम में दोस्ती के बाद कोरिया जिले के बैकुंठपुर में रहने वाले युवक ने युवती से अश्लील तस्वीरे मंगा ली थी। इसे वह वायरल करने की धमकी देकर युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।

सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली युवती ने बताया कि चार साल पहले उसकी पहचान कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित चर्च कालोनी में रहने वाले नियाज खान से हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल पर बातें करते थे। इसी बीच दोनों इंस्टाग्राम और फेसबुक में भी चेटिंग करने लगे। जान-पहचान का फायदा उठाते हुए युवक ने उससे वीडियो काल में भी बातें की। उसने इसका स्क्रीन शाट रख लिया। साथ ही कई फोटो के उसने अपने पास स्क्रीन शाट भी रखे थे।

बाद में युवक ने युवती पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने पांच मई 2021 को इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की। इसकी जानकारी लगते ही युवक अपने ठिकाने से फरार हो गया। पुलिस की टीम दो साल से उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच पता चला कि आरोपित युवक कोरिया दूसरा मकान किराए पर लेकर रह रहा है। इस पर पुलिस की टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी। युवक को गिरफ्तार कर टीम शहर लेकर आ गई। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।

फरारी के दौरान भी संपर्क करने की कोशिश में था युवक

जुर्म दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद से युवक अपने ठिकाने से फरार था। इसके बाद भी वह युवती से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। इधर युवती ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इस पर पुलिस साइबर सेल के सहारे उसके ठिकाने की जानकारी जुटाने लगी। साइबर सेल के सहारे उसके ठिकाने की जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पहुंच गई।

Posted By: Abrak Akrosh

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
 
google News
google News