Bilaspur News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। अपनी शादी के लिए लड़की देखने जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप के पीछे भिड़ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को डायल 112 के जवानों ने मस्तूरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। स्वजन की मौजूदगी में शव का पीएम कराया है। घटना की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पचपेड़ी क्षेत्र के फोदी पाली में रहने वाले रामअवतार वर्मा सिक्युरिटी गार्ड का काम करते थे। परिवार में उनकी शादी की बात चल रही थी। शादी के लिए उनके पिता दिलीप वर्मा ने जांजगीर में लड़की देख रखी थी। उन्होंने रामअवतार को लड़की देखने के लिए जांजगीर जाने को कहा था। इस पर वह शुक्रवार की सुबह बाइक से जांजगीर जाने के लिए बिलासपुर से निकला था।
मस्तूरी तिराहे के पास उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसे में रामअवतार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को देकर घायल को अस्पताल भेजा। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया। घटना की सूचना पर दिलीप स्वजन को लेकर अस्पताल पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पंचनामा के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Posted By: Abrak Akrosh