Bilaspur News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। 75 पदक के साथ बिलासपुर ओवरआल चैंपियन बना। दुर्ग द्वितीय एवं रायगढ़ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कोरबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में तीन दिनी 17वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि 14 जिलों से 449 बालक एवं बालिका खिलाड़ी एवं 70 आफिशियल की भागीदारी रही। प्रतियोगिता में 320 पदकों का निर्णय हुआ है। बिलासपुर जिला ने 78 पदक प्राप्त कर ओवर आल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
इसमें जिले के खिलाड़ियों ने 31 स्वर्ण पदक, 22 रजत पदक एवं 25 कास्य पदक प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर 46 पदकों के साथ दुर्ग जिला रहा। 42 पदकों के साथ रायगढ़ तृतीय एवं 22 पदक लेकर कोरबा ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में श्रुति देशपांडे, राकेश पुरी गोस्वामी, प्रदीप यादव, वेद प्रकाश जायसवाल, जितेंद्र कमलेश, सूर्य प्रकाश चंद्राकर, आरके शर्मा, सुभाष त्रिपाठी, देवाशीष चौबे ,संजू मानिकपुरी, रवि मिश्रा, शिक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह सहित छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के टेक्नीकल कमेटी, रैफरी बोर्ड के सभी सदस्यों ने विशेष सहयोग दिया।
आत्मरक्षा के खेल में बनाएं भविष्य: धरमलाल
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा व विधायक अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के खेल में बेटियां अपना भविष्य संवारें। इस खेल को आगे बढ़ाने में स्वयं बच्चे अपना योगदान दे रहे हैं। आज की परिस्थिति में विभिन्न् प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। ऐसी स्थिति में बालक एवं बालिका ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वह स्वयं अपनी आत्मरक्षा करने में सक्षम हो रहे हैं। कौशिक ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को इस खेल में आगे बढ़ाएं।
Posted By: Abrak Akrosh