बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। तोरवा मंडल में बिजली बिल का बकाया वसूलने के लिए अभियान को जारी रखने का निर्णय लिया है। सिरगिट्टी जोन से इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। यहां कार्रवाई के साथ वसूली भी हुई। मंडल में अकेला एक ही जोन नहीं है, बल्कि दूसरे जोन में बकायादारों की बड़ी सूची है। इसीलिए कंपनी ने टीम बनाकर नियमित जांच व कार्रवाई करने की योजना बनाई है।
62 घरों की लाइन काट दी गई
बिजली कंपनी के लिए बकायादार किसी मुसीबत से कम नहीं है। बार-बार निर्देश के बाद भी बकाया जमा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इसीलिए अब कंपनी उनके घरों में दबिश दे रही है। इसके लिए टीम भी बनाई गई है। इस टीम को पहले बकायादारों की सूची दी जाती है। इस दौरान उनसे संपर्क करते हैं। उन्हें एक मौका और दिया जाता है, ताकि वह भुगतान कर दें। लेकिन इसका भी उन पर असर नहीं पड़ रहा है। यही वजह है कि सिरगिट्टी जोन में 62 घरों की लाइन काट दी गई। जबकि 95 उपभोक्ताओं के घरों में टीम पहुंची थी। कार्रवाई को देखकर अन्य बकायादारों ने जमा भी किया। लेकिन यह संतोषप्रद नहीं है।
मुख्यालय से वसूली के निर्देश
बिजली कंपनी इस कोशिश में है कि बकाया का आंकड़ा शून्य पर आ जाए, क्योंकि कहीं न कहीं इस वसूली अभियान के कारण कंपनी का दूसरा कामकाज प्रभावित हो रहा है। हालांकि यह भी महत्वपूर्ण कार्य है, लेकिन इसके लिए अलग टीम होती है। बकाया वसूलने के लिए अभी कार्यालयीन कर्मचारियों को भी लगाया गया है। वैसे भी अब कुछ दिनों बाद गर्मी का सीजन शुरू हो जाएगा। इस मौसम में बिजली की खपत बढ़ जाती है।
ऐसी स्थिति में कंपनी का मेंटेनेंस शुरू हो जाएगा। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली भी बंद की जाती है। मालूम हो कि मुख्यालय से लगातार बकाया वसूली को लेकर निर्देश दिया जा रहा है। इसके बाद कंपनी पहले से ज्यादा सख्त हुई है।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari
- Font Size
- Close