बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा है। जोनल स्टेशन में यात्रियों को इलेक्ट्रिानिक पंखे की आवश्यकता पड़ने लगी है। लेकिन रेल प्रशासन ने इसे ठंड शुरू होने के बाद से बंद ही रखा है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को जोनल स्टेशन से सफर करना महंगा पड़ रहा है।
ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्रियों की नजरें पंखे की ओर टकटकी लगाए बैठे रहते हैं कि यह चालू हो तो उन्हें गर्मी से राहत मिले। लेकिन रेलवे की नजर में अब तक पंखे चालू करने का मौसम शुरू नहीं हुआ है। यात्री इसे लेकर शिकायत भी कर चुके हैं।
मौसम का मिजाज धीरे- धीरे बदल रहा है। रात में ठंड तो दोपहर में गर्मी महसूस की जा रही है। प्लेटफार्म तो बाहर से ज्यादा गर्म रहता है। दरअसल स्टेशन में टीने का शेड लगा है। सूर्य की किरणे जब इन पर पड़ती है तो शेड गर्म हो जाता है। इसके कारण यात्रियों को गर्मी का ज्यादा एहसास होता है। इसलिए स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को पंखे की सुविधा की जरुरत पड़ने लगी है।
लेकिन आठ प्लेटफार्म वाले इस स्टेशन के किसी भी प्लेटफार्म में पंखे चालू नहीं किए गए हैं। संबंधित विभाग को यात्रियों की परेशानी से कोई मतलब नहीं है। जबकि कुछ यात्री उस स्थान को ढूंढते हैं, जहां पंखे चालू है। कम से कम ट्रेन के पहुंचने तक राहत मिल सके।
ठंडा पानी के लिए होगी परेशानी
इस गर्मी में यात्रियों को जोनल स्टेशन में ठंडा पानी के लिए भी दिक्कत होगी। दरअसल वाटर वेंडिंग मशीन की सुविधा बंद हो चुकी है। आइआरसीटीसी ने लाइसेंस फीस जाम नहीं करने पर इसे बंद कर दिया है। इस सुविधा को अब रेलवे को शुरू करनी है। लेकिन रेलवे इस पर ध्यान ही नहीं दे रही है। आने वाले दिनों में सुविधा उपलब्ध होगी, इसकी भी सुगबुगाहट नजर नहीं आ रही है।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari
- Font Size
- Close