Bilaspur Weather News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। न्यायधानी में मौसम का मिजाज बदल चुका है। रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल घिर आए। उमस भी महसूस हो रही है। दिन में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर से अंधड़ के साथ कुछ जगहों में ओलावृष्टि की संभावना है।
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक 17 मार्च को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में एक-दो दिन गिरावट जारी रहेगी। इधर, मौसम विभाग ने बिलासपुर जिले में अगले 24 घंटाें के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रेलवे को भी अवगत कर दिया गया है। शहर सहित पेंड्रारोड व मुंगेली में मेघ गर्जना सहित तेज हवा के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
मानव, मकान, पशु व फसलों को अंधड़ से नुकसान ना हो, इसका भी उपाय किया जाना है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में अफगानिस्तान और उसके आसपास मध्य क्षोभ मंडल पर स्थित है। इसके प्रभाव से एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर निम्न क्षोभ मंडल पर स्थित है। दूसरा चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व राजस्थान और उसके आसपास निम्न क्षोभ मंडल पर बना हुआ है। एक द्रोणिका बांग्लादेश से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश निम्न क्षोभ मंडल पर स्थित है। इस वजह से यह स्थिति बनी है।
आसमान की ओर टकटकी
मौसम बिगड़ने की खबर के साथ किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। अधिकांश जगहों में गेंहू की फसल कटने को है। ऐसे में तेज वर्षा होने पर फसलों को नुकसान होगा। वहीं, अपादा प्रबंधन भी इनसे निपटने की तैयारी में है। ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
एक दिन पहले सात डिग्री गिरा पारा
एक दिन पहले गुरुवार को भी आसमान में बादल थे। इसके कारण अधिकतम तापमान में 6.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पारा 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। इसमें आज और गिरावट की संभावना है। प्रदेश में दक्षिण-पूर्व से नमी युक्त हवा का आगमन बंगाल की खाड़ी से लगातार हो रहा है। मध्य स्तर पर पश्चिमी द्रोणिका का प्रभाव 20 मार्च तक रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर --- अधिकतम --- न्यूनतम
बिलासपुर --- 30 --- 21.4
पेंड्रारोड --- 29.1 --- 16.4
अंबिकापुर --- 28.6 --- 15.7
माना --- 30.1 ------ 22.6
जगदलपुर --- 31.5 --- 18.5
Posted By: Abrak Akrosh
- Font Size
- Close