Mnrega News Bilaspur: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा की चमकदार तस्वीर तखतपुर ब्लाक के ग्राम राजपुर में दिखाई दे रही है। किसान लालाराम के पास एक एकड़ जमीन है। वह बंजर है। फसल नहीं हो पाती। मनरेगा के जरिए उन्होंने डबरी बनाई। डबरी बनते ही समृद्धि के द्वार भी खुल गए। हरी सब्जियों के अलावा अब उद्यानिकी कर रहे हैं। फसल परिवर्तन की चमकदार तस्वीर भी उनकी बाड़ी में नजर आने लगी है। नकद फसल की ओर भी लालाराम की नजरें लगी हुई हैं।

जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत राजपुर के किसान लाला राम उन्हीं हितग्राहियों में से हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिला है। लालाराम की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। उनके पास लगभग एक एकड़ जमीन थी। अब वहां डबरी बन जाने से उनकी सिंचाई के लिए पानी की चिंता दूर हो गई है। डबरी में पानी की उपलब्धता के चलते लालाराम सब्जी की खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी बढ़ी है।

पहले सिंचाई के लिए पानी न होने के कारण वे खेती नहीं कर पा रहे थे। पानी की समस्या से वे लगातार जूझ रहे थे। इस बीच उन्हें प्रशासनिक अमले से जानकारी मिली की मनरेगा के तहत डबरी निर्माण कराया जा सकता है। लालाराम के लिए यह योजना वरदान साबित हुई। लालाराम और उनके परिवार के लिए सरकारी योजना नई उम्मीद बनकर आई है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ मिलने के बाद अब तक वे डबरी के मेड़ पर अरहर की दो फसल ले चुके हैं। इसके अलावा मेड़ के किनारे व बगल की जमीन में पपीता, अमरूद, केला, जामुन, अनार एवं विभिन्न् प्रकार की सब्जियां जैसे सेमी, प्याज, लाल भाजी, पालक, धनिया, मेथी, टमाटर आदि फसल लगाने से अतिरिक्त आमदनी हो रही है। भविष्य में डबरी में मछली पालन, बत्तख पालन एवं सिंघाड़े की फसल लगाने की भी सोच रहे हैं।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari
- Font Size
- Close