CG Budget 2023: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय बजट की बिलासपुर के भाजपा नेताओं ने सराहना की है। उनका कहना है कि इस बजट में किसान, नौकरी पेशा से लेकर व्यापारियों का पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें किए गए प्रविधानों से विकास को नई गति मिलेगी।
हर वर्ग के लिए उपयोगी है बजट
यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा महिला, वरिष्ठजनों, पिछड़ों, जनजाति समाज समेत हर वर्ग के अंतिम छोर के व्यक्ति की आशाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इस बजट ने छत्तीसगढ़ के लिए असीम संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। एकलव्य विद्यालयों में हजारों की संख्या में भर्ती होगी। वहीं तकनीकी शिक्षा संस्थानों के विकास के लिए नए अवसर मिलेंगे। समावेशी विकास पर आधारित यह बजट सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
अरुण साव, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा
सभी कुछ बजट के अनुरूप
कोविड19 से उबरने के बाद भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनने में कामयाब हो सका। उन्होंने कहा कि भारत का जीडीपी ग्रोथ हो या राजकोषीय घाटा, सभी कुछ बजट के अनुमान के अनुरूप रहा। देश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। देश स्टार्टअप के माध्यम से गुणात्मक रूप से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो बजट पेश किया गया है उसमें सभी वर्गो के हितों का पूरा-पूरा ध्यान रखा गया है। किसानों के लिए 20 लाख करोड़ का प्रविधान किया गया है। वहीं रेलवे के कायाकल्प के लिए पहली बार 2.40 लाख करोड़ का प्रविधान किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए बजट में 66 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। यह बजट देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट है।
धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक
जनमानस की समग्र चिंता की गई है
आम जनमानस की समग्र चिंता केंद्रीय बजट में की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंताओं को बल दिया है। यह बजट में समाज के सर्वहित व अंत्योदय को समर्पित है। केंद्रीय बजट में टैक्स में छूट से लेकर राष्ट्र के सुखद व प्रगतिशाली भविष्य का दस्तावेज तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था इस बजट से और मजबूत होगी व विकसित भारत के विराट संकल्प की योजना को इस बजट में शामिल किया गया है। इससे आकांक्षी समाज, गांव, गरीब, किसान, हर वर्ग को लाभ मिलेगा।
भूपेंद्र सवन्नी, उपाध्यक्ष भाजपा
प्रति व्यक्ति आय में हो रही वृद्धि
बजट में सभी वर्गो का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रति व्यक्ति आय नौ वर्षों में दुगुनी होकर 1.97 लाख रुपये हो गई है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 11.7 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए हैं। 81 लाख महिला स्व सहायता समूहों का सशक्तीकरण करने व महिला सम्मान बचत पत्र पर साढ़े सात प्रतिशत ब्याज देने की घोषणा की गई है।
डा.कृष्णमूर्ति बांधी, विधायक मस्तूरी
मील का पत्थर साबित होगी कौशल उन्न्यन योजना
शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाने 1.47 लाख युवाओं को कौशल उन्न्यन के लिए तीन वर्षो तक सीधे उनके खाते में राशि प्रदान की जाएगी। छोटे व सीमांत कृषकों को सहकारिता के माध्यम से लाभ सुनिश्चित करने नए मंत्रालय की स्थापना की जाएगी। इसके अंतर्गत देशभर की 63 हजार सहकारी समितियों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
रजनीश सिंह, विधायक बेलतरा
पीएम के नेतृत्व में श्रेष्ठ बजट हुआ पेश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सर्वश्रेष्ठ बजट प्रस्तुत किया गया है। इसमें सभी वर्गो के हितों का ध्यान रखा गया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास इस बात की झलक बजट में दिखाई दे रही है। यह बजट देश को सर्वोच्च शिखर पर ले जाएगा। इस बजट में जनजातीय समूह के लिए विशेष ध्यान रखा गया है। जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए विकास मिशन शुरू किया जाएगा, ताकि पीबीटीजी बस्तियों को मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण किया जा सके।
रामदेव कुमावत, जिलाध्यक्ष भाजपा
सभी वर्ग के हितों का रखा है ध्यान
बजट में सभी वर्गो के हितों का ध्यान रखा गया है। बजट में युवाओं के लिए 30 स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर खोले जाने की घोषणा की गई है जो एक ऐतिहासिक कदम है। कृषि स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए फंड की स्थापना और अगले तीन वर्षो में एक करोड़ किसानों को नेचरल फार्मिंग में मदद देने और 10,000 बायोसेंटर्स बनाना युवा और कृषि के क्षेत्र में एक बड़ा प्रभारी कदम साबित होगा।
निखिल केशरवानी, जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा
Posted By: Abrak Akrosh