CG Budget 2023: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। आम बजट को लेकर न्यायधानी की महिलाओं ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी है। संतुलित तो किसी ने महिला वर्ग को सशक्त बनाने वाला बजट कहा है। महिलाओं ने यह भी माना की उम्मीद से कम है लेकिन फिर भी मोदी सरकार के बजट में दम है। महिला सम्मान बचत पत्र योजना और स्वंयसेवी संगठनों को बढ़ावा देने घोषणा अच्छी पहल है। घरेलू गैस सिलिंडर के बढ़ते दामों को लेकर महिलाओं ने चिंता भी जताई।
सरकंडा निवासी गृहिणी छाया शुक्ला ने कहा कि सप्तऋषि बजट है। समावेशी विकास की झलक है। अंतिम छोर-अंतिम व्यक्ति तक पहुंच, बुनियादी ढांचा और निवेश को निहित क्षमताओं के विस्तार के साथ हरित विकास, युवा शक्ति को समर्पित बजट है। आम जन व मध्यम वर्ग को समर्पित बजट है। उन्होंने इसे देश का भविष्य तैयार करने वाला बजट भी बताया। मार्मिक चेतना वेलफेयर सोयायटी की संस्थापक और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित अंकिता पांडेय शुक्ला ने कहा कि आम बजट में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 81 लाख स्वयंसेवी बनाने का प्रविधान है।
इन स्वयंसेवियों को बढ़ावा देने में सरकार मदद करेगी। यह एक अच्छी पहल है। सीएम दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा अन्न्पूर्णा सिंह राजपूत ने कहा कि इस बजट में कुछ भी खास नहीं है। रसोई का बजट फिर बिगड़ने वाला है। सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। इस पर वित्त मंत्री ने कुछ भी नहीं कहा। छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा में भी कुछ भी खास नहीं है। सिरगिट्टी निवासी गृहिणी शकुंतला साहू ने कहा कि यह बजट संतुलित है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय पर धनवर्षा की गई है।
सरकार ने महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट का भी प्रस्ताव रखा है। यह एक अच्छी पहल है। इसमें दो साल के लिए 7.5 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। शिक्षिका राजेश्वरी अनंत ने कहा कि उनके पति एक केंद्रीय कर्मचारी हैं। हमारे बुढ़ापे का सहारा पुरानी पेंशन है। यह हमारा हक है। सरकार इस पर चुप रही। खाद्य सामग्री, तेल, गैस के दाम को भी नजरअंदाज किया गया। रोटरी क्लब क्राउन अध्यक्ष ने नीरु बिष्ट ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक बजट है। इसमें सभी वर्गों के हित का ख्याल रखा गया है।
Posted By: Abrak Akrosh