बिलासपुर(नईदुनिया न्यूज)। भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा कराई गई ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता में डा. सीवी रामन विश्वविद्यालय की टीम ने मेजबान टीम को हराकर आल इंडिया टीम में क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता 24 से 27 नवंबर तक महाराज श्री राम चंद्र भंजदेव विश्वविद्यालय ओडिशा में हुई। अब सीवीआरयू की टीम रोहतक में 16 से 20 दिसंबर तक होने वाली आल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होगी। बीते साल विश्वविद्यालय ने खेलो इंडिया खेलो में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया था।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने बताया कि सीवीआरयू की टीम ने बीते साल आल इंडिया क्वालीफाई किया था, इसलिए इस बार विश्वविद्यालय की टीम को क्वार्टर फाइनल में खेलने के लिए जगह मिली। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। मैच में ओडिशा की मेजबान टीम को 59 -10 के लंबे अंतराल से पटखनी देते हुए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से 58 विश्वविद्यालयों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 52 टीमें शामिल हुई है।
सीवीआरयू की टीम रोहतक में 16 से 20 दिसंबर तक होने वाली आल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होगी। इसमें 16 टीमें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि बीते साल विश्व विद्यालय की कबड्डी टीम ने खेलो इंडिया खेलो में अपना स्थान सुनिश्चित किया था और इसके बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया था। टीम में वीरेंद्र कुमार , शुभम सिंह, रिहान, संस्कार मिश्रा, सौरभ नेताम, सुखदेव मरावी, सोमू नेताम, मनीष यादव, उमेश कुमार, सचिन, रितिक ,दीपेश , कोच डा. गणेश खांडेकर, मैनेजर डा. शंकर यादव विभागाधक्ष फिजिकल एजुकेशन शामिल रहे।
नैसर्गिक प्रतिभा को सामने लाया विश्वविद्यालय: कुलपति
इस सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि विद्यार्थियों में नैसर्गिक प्रतिभा थी, उसे सामने लाने का काम विश्वविद्यालय ने किया है। इसलिए विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं।
Posted By: Abrak Akrosh
- Font Size
- Close