Chitrashi Rawat Wedding: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सुपरहिट फिल्म चक दे इंडिया की कलाकार कोमला चौटाला के रूप में पहचान बनाने वाली चित्राशी रावत और एक्टर ध्रुवादित्य भागवानानी सात फेरे लेकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए हैं। इससे पहले मेहंदी और फिर रिंग सेरेमनी के साथ काकटेल पार्टी का दौर चला। चित्राशी और चक दे इंडिया के अन्य कलाकारों भी खूब मस्ती की। दोपहर में धु्रवादित्य की बरात निकली। फैंस बराती बनकर शामिल हुए। उसके बाद विवाह मंडप में दोनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लिए। इस अवसर पर वर व वधु पक्ष के लोग आशीर्वाद देने शामिल हुए।

बिलासपुर में पहली बार किसी फिल्मी कलाकार की शादी हुई। लिहाजा कलाकार के फैंस भी इस शादी को लेकर उत्साहित रहे। शनिवार की सुबह से होटल ईस्ट पार्क में मायानगरी के चेहरे नजर आने लगे थे। दोपहर तक चक दे इंडिया के करीब आधा दर्जन कलाकार पहुंच गए थे। चित्राशी के साथ उत्तराखंड के देहरादून से उनके स्वजन भी सुबह होटल पहुंच गए थे। वहीं रायपुर के कलाकार ध्रुवादित्य के स्वजन, दोस्त और रिश्तेदार भी मेहंदी की तैयारी में जुटे रहे। दोपहर में मेहंदी की रस्म शुरू हुई। इस दौरान चक दे इंडिया के कलाकार ढोल-तासों के साथ थिरकते नजर आए। चित्राशी खुद अपनी शादी को लेकर उत्साहित नजर आईं और बेहद खुश दिखीं।

12 साल पुरानी है एक्टर चित्राशी और ध्रुवादित्य की लव स्टोरी

फिल्मी दुनिया में 12 साल तक साथ बिताने और एक-दूसरे से बेहद प्यार करने वाली जोड़ी चित्राशी और धु्रवादित्य जन्म जन्मांतर के बंधन में बंध गए। अपने इस खास पल को यादगार बनाने उनकी तैयारी भी जोरदार चल रही थी। नईदुनिया से खास बातचीत में चित्राशी और ध्रुवादित्य ने अपनी प्रेम कहानी को साझा किया और बताया कि कैसे अपने रिश्ते को संभाल कर रखा। रायपुर के रहने वाले ध्रुवादित्य कहते हैं कि मैं मूल रूप से छत्तीसगढ़िया हूं और अपने आपको छत्तीसगढ़िया कहता हूं। मुंबई भले ही मेरी कर्म भूमि है। लेकिन मैं पला-बढ़ा रायपुर में हूं। मेरी प्रारंभिक शिक्षा रायपुर में हुई है। ध्रुवादित्य ने कहा कि इसलिए शादी करने के लिए बिलासपुर आया हूं।

मेरी सबसे अच्छी फ्रेंड अब बनी जीवन संगिनी

धुवादित्य कहते हैं कि मुझे इस बात की खुशी है कि मेरी अच्छी दोस्त आज मेरी जीवन संगिनी बन गई है। हमारा प्यार भी पुराना रहा है। हम एक-दूसरे को अच्छे से जानते हैं। चित्राशी खूबसूरत है, इसलिए मैं लकी हूं।

चित्राशी बोलीं- 12 साल तक संभालकर रखा रिश्ता

चक दे इंडिया में कोमल चौटाला की भूमिका अदा करने वाली चित्राशी रावत ने कहा कि उन्होंने 12 साल तक ध्रुवादित्य के साथ समय बिताए हैं। तब हमारा संबंध निजी था। हमारा मानना था कि जब हम शादी करेंगे तो सबको पता चला जाएगा। हमने अपने रिश्ते को काफी संभाल के प्यार से रखा था। खुशी इस बात की है कि आज हम सात फेरे के बंधन में जीवनभर के लिए बंध गए। छत्तीसगढ़ के युवा को अपने जीवनसाथी बनाने के सवाल पर चित्राशी ने कहा कि ध्रुवादित्य भले ही छत्तीसगढ़ से हैं। लेकिन माया नगरी के ही हो गए हैं। कलाकार हैं, लिखते भी है और एक्टर हैं। इसलिए उनके साथ आ गई।

रेडियो मिर्ची से शुरू किया करियर

ध्रुवादित्य ने रेडियो मिर्ची के साथ एक रेडियो जाकी के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद मुंबई चले गए। उन्होंने वेब सीरीज के साथ ही कई फिल्मों में काम किया। वर्तमान में एक अभिनेता और लेखक के रूप में प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

प्रेममयी मूवी के बाद आए एक-दूसरे के करीब

ध्रुवादित्य और चित्राशी बताते हैं कि उनकी लव स्टोरी भी रोचक है। करीब 12 साल पहले उन्होंने प्रेममयी मूवी में प्रेमी और प्रेमिका की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद ही दोनों की पहचान हुई थी और इसके बाद ही एक-दूसरे के करीब आए थे।

Posted By: Abrak Akrosh

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
 
google News
google News