बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली 70 वर्षीय महिला की शनिवार की सुबह घर में लाश मिली है। महिला के चेहरे और सिर में चोट के निशान हैं। पूछताछ में पता चला कि शुक्रवार की रात महिला का अपने बेटे से विवाद हुआ था। हत्या की आशंका पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी धर्मेंद्र वैष्णव ने बताया कि तालापारा में रहने वाली वृंदाबाई बंजारे(70) स्व सहायता समूह का संचालन करती थी। वे समूह की अध्यक्ष भी थीं। उनके साथ उनका बेटा अजय बंजारे भी रहता था। बेटा अलग कमरे में रहता था। शुक्रवार की रात महिला बेटे अजय के साथ विवाद हुआ। सुबह महिला की लाश बिस्तर में मिली। उनके चेहरे पर चोट के निशान थे।
साथ ही उसके सिर के पीछे भी चोट थी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संदेह पर महिला के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला के मौत का कारण स्पष्ट होगा।
कई बार थाने की है शिकायत
वृंदाबाई का बेटा अजय आए दिन शराब पीता है। वह अपनी मां से शराब पीने के लिए स्र्पये मांगता था। मना करने पर वह अपनी मां से विवाद करता था। महिला ने इसकी कई बार थाने में शिकायत की है। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बाद भी उसकी आदतों में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार की रात भी उसने अपनी मां से विवाद किया था।
धक्का देकर या मुंह दबाकर हत्या की आशंका
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस को आशंका है कि विवाद के दौरान धक्का लगने से महिला के सिर में चोट आई है। महिला के नाक और कान से भी खून निकला है। इससे पुलिस को आशंका है कि महिला का मुंह दबाकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। इधर पुलिस की पूछताछ में संदेही बेटा बार-बार अपना बयान बदल रहा है। इसके कारण मामला उलझ गया है।
Posted By: anil.kurrey