बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में पेट्रोलिंग व्यवस्था में बदलाव हुआ है। अब एक ही स्कार्टिंग पार्टी सप्ताहभर तक गश्त करेगी। इस अवधि की बाद दूसरी टीम ट्रेन की जांच करेगी। इससे सूचनाओं का अदान-प्रदान पहले से बेहतर होगा। इसके साथ ही जबाबदेही भी तय हो जाएगी।

वंदे भारत स्पेशल ट्रेन है। यही वजह है कि इसकी सुरक्षा को लेकर रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। पहले ही दिन से इस ट्रेन में आरपीएफ की पैट्रोलिंग ड्यूटी लगाई गई है। इसकी जवाबदारी रायपुर व नागपुर मंडल को सौंपी गई है। अभी तक सर्चिंग के लिए जो व्यवस्था बनाई गई थी, उसके तहत बिलासपुर से दुर्ग तक एक पार्टी और दुर्ग से नागपुर तक दूसरी पार्टी सुरक्षा निगरानी करती थी।

इसी तरह नागपुर से दुर्ग तक तीसरी और दुर्ग से बिलासपुर तक चौथी टीम की ड्यूटी लगाई गई थी। इससे व्यवस्था गड़बड़ा रही थी। सूचनाओं के अदान- प्रदान में दिक्कतें आ रही थीं। साथ ही पत्थरबाजी या अन्य घटनाएं होने पर जवाबदेही भी तय नहीं हो पाती थी। इन्हीं व्यवहारिक दिक्कतों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने सर्चिंग व्यवस्था में बदलाव किया है।

इसके तहत अब आरपीएफ की एक ही टीम सप्ताहभर तक इसमें ड्यूटी करेगी। इसके बाद दूसरी टीम सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। इससे न केवल सूचनाओं का अदान-प्रदान बेहतर ढंग से हो पाएगा, बल्कि यह भी स्पष्ट होगा कि कोई घटना हुई भी है, तो उस समय में किसी टीम की ड्यूटी थी। इससे अफसर उस टीम से सीधे संपर्क कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ले सकते हैं। उन्हें आवश्यकता दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

टीम में एक अधिकारी व चार बल सदस्य

सुरक्षा के मद्देनजर इस ट्रेन में गश्त करने वाली आरपीएफ टीम में पांच सदस्य होते हैं। एक अधिकारी (सहायक उप निरीक्षक या निरीक्षक) व चार बल सदस्य। आगे भी यही टीम सुरक्षा की कमान संभालेगी। इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close