बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। नक्सल हिंसा का हर मोर्चे पर मुकाबला करने के लिए प्रदेश के जवान हर पल तैयार हैं। झीरम हमले में शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति स्थापित करने सुरक्षा बल दृढ़ संल्पित है। ये बातें एसपी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान एसपी संतोष कुमार सिंह ने कही।

बस्तर क्षेत्र के झीरम घाटी में 10 साल पहले नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में जनप्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में सुरक्षाबल के जवान शहीद हो गए थे। हमले के दौरान कई जवान और जनप्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद हर साल सुरक्षाबल और पुलिस के जवान शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की जाती है। गुरुवार को एसपी कायार्लय में दो मिनट मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसपी संतोष कुमार ने कहा कि सुरक्षाबल और पुलिस के जवान नक्सली हिंसा का हर मोर्चे पर मुकाबला कर रहे हैं।

नक्सलियों से मुकाबले के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में आम लोगों के बीच शासन की योजनाओं को पहुंचाने का भी काम कर हैं। इसके कारण हिंसा प्रभावित क्षेत्र में पुलिस की दखल बढ़ी है। साथ ही अशांति फैलाने वालों के बीच पुलिस का डर बैठ गया है। उन्होंने जवानों को नक्सली हिंसा को खत्म करने संकल्प भी दिलाया।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़