Bilaspur Crime News: बिलासपुर। काम करते समय श्रमिक उंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल श्रमिक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसका पैर काम नहीं कर रहा है। श्रमिक के नाना ने घटना की शिकायत बिल्हा थाने में की है। इस पर पुलिस ठेकेदार के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान में रहने वाले प्रेमलाल पाटले ने घटना की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनका नाती धरम प्रकाश बचपन से उनके साथ रहता है। धरमप्रकाश राजमिस्त्री का काम करता है। कुछ महीने पहले वह ठेकेदार जैतराम फर्वी के साथ काम कर रहा था। इस दौरान जैतराम ने उसे वासू विहार कालोनी में सुरेश जायसवाल के निर्माणाधीन मकान में काम के लिए भेजा।

काम के दौरान मकान के उपर से गुजरे 11 केवी करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आकर धरम प्रकाश उंचाई से नीचे गिर गया। इससे उसे गंभीर चोटे आई। साथियों ने उसे उपचार के लिए अपोलो में भर्ती कराया। इस दौरान ठेकेदार ने उपचार का खर्च उठाने की बात कही। अपोलो में एक दिन उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया गया।

एम्स में उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक महीने निजी अस्पताल में उपचार के बाद स्वजन उसे घर ले आए। स्वजन ने बताया कि घायल श्रमिक के उपचार में अब तक दो लाख से अधिक रकम खर्च हो गए हैं। इसके बाद भी उसका पैर नहीं चल रहा है। इधर ठेकेदार रकम देने से इन्कार कर रहा है। इससे पहले उसने थाने में शिकायत नहीं करने पर पूरा खर्च उठाने की बात कही थी। उसकी बातों में आकर स्वजन ने मामले की शिकायत थाने में नहीं की। उसके मुकरने के बाद स्वजन ने घटना की शिकायत बिल्हा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Posted By: Yogeshwar Sharma

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close