बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रतनपुर क्षेत्र में रहने वाली महिला को पाक्सो एक्ट के झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा की ओर से शुक्रवार को थाने का घेराव किया गया। इस दौरान महिलाओं ने महिला की जल्द रिहाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

रतनपुर में रहने वाली महिला को एक सप्ताह पहले पुलिस ने कुकर्म और पाक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर महिला को जेल भेज दिया गया है। इधर महिला की बेटी ने अपनी मां को झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद विभिन्न संगठन इसका विराेध करते हुए महिला की रिहाई की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से थाने का घेराव किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस पर सांठगांठ का भी आरोप लगाया। साथ ही गिरफ्तार महिला की जल्द रिहाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में महिलाओं ने तहसीलदार को एसपी के नाम ज्ञापन भी सौंपा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, भाजपा कार्यसमिति सदस्य पूजा विधानी, मोर्चा महामंत्री गायत्री साहू, वंदना जेंड्रे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी

इधर गिरफ्तार महिला के समर्थन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी सामने आ गए हैं। शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की ओर से सीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तार महिला को जल्द रिहा कराने व मामले की जांच की मांग की है। मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर संघ की ओर से धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

Posted By: Yogeshwar Sharma

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़