बिलासपुर। आज से नौतपा प्रारंभ हो गया है। शुरुआती रुझान में सूर्य का ताप कम है। सुबह से आसमान में बादल घिर आए हैं। वातावरण में धूप छांव की स्थिति बनी हुई है। ऐसा माना जा रहा था कि नौतपा आज से तपेगा लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते अब मुश्किल लग रहा है।

न्यायधानी में एक पखवाड़े से भीषण गर्मी पड़ रही थी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया था। एक दिन पहले बुधवार को भी लगभग यही स्थिति रही। रात में भी न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब था। ऐसा माना जा रहा था कि नौतपा आरंभ होते ही गर्मी और बढ़ेगी।

तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाएगा। लेकिन नौतपा के पहले ही दिन सूर्य का ताप कम नजर आ रहा है। बिलासपुर में जिस तरह से पिछले दिनों गर्मी पड़ रही थी आज उसमें कमी नजर आ रही है। सूर्य की किरणें सीधी होने के बाद भी तेज नहीं है। दरअसल आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप का असर कम हो गया है। शाम तक यही स्थिति रही तो तापमान में गिरावट की भी संभावना है।

दूसरी ओर गर्मी भले ही कम हो गई हो लेकिन उमस ने लोगों को अब बेचैन करना शुरू कर दिया है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि नई दिल्ली मौसम विभाग में आज से पूरे देश में हीटवेव यानी लू समाप्ति की घोषणा कर दी है। साफ है कि अब वैसी गर्मी नहीं पड़ेगी जैसी लोग डर रहे थे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण तेज हवा तूफान और हल्की वर्षा की भी संभावना बनी हुई है।

बिलासपुर में 27 मई के आसपास हल्की वर्षा संभावित है। हालत इससे पहले शाम-शाम को तेज हवा और बूंदाबांदी भी हो सकती है। बाहर हाल जो भी हो मौसम में परिवर्तन होने के कारण लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। आसमान में बादल आने के कारण बाजार में भी आग चहल-पहल बनी हुई है। अन्यथा लोग सुबह 11 बजते ही घर और ऑफिस में दुबके रहते थे। दोपहर को बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता था।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़