बिलासपुर। उसलापुर रेलवे स्टेशन में सुविधाओं की कमी के कारण यात्रा से पहले यात्रियों को दिक्कत हो रही है। मंगलवार की रात में नजारा कुछ इसी तरह का था। यात्री प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करते खड़े थे। तभी अचानक तेज वर्षा होने लगी। शेड नहीं होने के कारण यात्री छावनी ढूंढने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
इस अव्यवस्था को लेकर यात्रियों में रेल प्रशासन के प्रति खास नाराजगी भी दिखी। रेल प्रशासन उसलापुर रेलवे स्टेशन का कद बढ़ाने के लिए चार और ट्रेनों का स्टापेज शुरू कर दिया है। लेकिन, यह निर्णय सही नहीं है। दरअसल इस स्टेशन के किसी भी प्लेटफार्म पर शेड नहीं है।
इसके कारण जहां दोपहर में सूर्य की तेज किरणों का सामना कर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। वहीं बरसात होने पर भींग भी जाते हैं। मंगलवार को भी यही स्थिति थी। इसके अलावा यात्रियों का कहना है कि रात 12 बजे के बाद प्लेटफार्म एक के स्टाल में पानी बाटल तक नहीं थी।
नलों से भी पानी नहीं निकल रहा था। ऐसी स्थिति में यात्रियों को मजबूरी में कोल्डड्रिंक्स, लस्सी व प्यास बुझाने के लिए दूसरे ठंडा खरीदना पड़ा। शेड के अभाव में यात्री शेड में बैठकर ट्रेन का इंतजार करते रहे। स्टेशन में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था तक नहीं है। अधिकांश यात्रियों को इस स्टेशन में खड़े रहना पड़ता है। उनका कहना है कि रेल प्रशासन को पहली इस स्टेशन में पर्याप्त सुविधा उपलब्ध करा लेनी चाहिए थी इसके बाद नई ट्रेनों का स्टापेज प्रारंभ करना था। लेकिन अफसरों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। यात्रियों का यह भी कहना है कि इस स्टेशन में रात 11 बजे के बाद बेतवा एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, बिलासपुर- चिरमिरी जैसे प्रमुख ट्रेनों के पहुंचने का समय है। इन ट्रेनों के यात्रियों को पानी तक के लिए तरसना पड़ रहा है।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari