Railway News Bilaspur: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे स्टेशन के आगे नवनिर्मित चुचुहियापारा अंडरब्रिज की हालत बेहद जर्जर है। आलम यह है कि इस ब्रिज के ऊपर से बरसात के पानी का रिसाव होता है। दरअसल रेलवे ने इस ब्रिज का निर्माण सीधे स्लैब लगाकर किया है। अलग- अलग स्लैब होने के कारण इसमें अक्सर पानी गिरता है। रेलवे ने बाक्स के बीच का गेप नहीं भरा है।
इसके चलते ब्रिज में पानी जाता है। साथ सफाई भी नियमित नहीं होती। इसलिए ब्रिज की सड़क में धूल की मोटी परत जम चुकी है। इसका सीधा प्रभाव यहां से गुजरने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसके बावजूद रेल प्रशासन अव्यवस्था दूर करने पर ध्यान नहीं दे रहा है।
इस अंडरब्रिज की बेहद आवश्यकता थी। दरअसल यहां पहले जो रेलवे फाटक था, उसे बंद कर दिया गया था। लोगों को उस पार जाने के लिए घूमकर ओवरब्रिज से जाना पड़ता था। इस परेशानी से बचने के लिए लोग अक्सर बंद फाटक से गुजरते थे। यहां जिस तरह स्थिति थी, उससे तारबाहर रेलवे फाटक जैसी घटना बनने लगी थी। बजट स्वीकृत होने के बाद रेलवे ने निर्माण कार्य शुरू कराया।
इस ब्रिज को बने करीब चार से पांच साल हो गए हैं। लेकिन अभी से इसकी स्थिति जर्जर होने लगी है। इसके चलते राहगीरों को यहां से गुजरना महंगा पड़ रहा है। बरसात के सीजन में तो यहां का नजारा किसी तालाब से कम नहीं था। पानी भरने पर बाइक या पैदल चलने वालों के कदम थम गए थे।
अभी भी समस्या कम नहीं हुई है। इसमें सबसे प्रमुख धूल की परेशानी है। न तो रंगाई-पोताई हुई और न सफाई। धूल की मोटी परत की वजह से जब में यहां से चारपहिया वाहन गुजरते हैं धूल उड़ती है। इसके कारण सामने का नजारा स्पष्ट दिखाई नहीं देता। इसके अलावा लोगों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण के बाद रेलवे अंडरब्रिज की नियमित सफाई कराएगी। इसके अलावा अन्य अव्यवस्थाओं को भी दूर करेगी।
बिजली अव्यवस्था लचर, रात में अक्सर अंधेरा
चुचुहियापारा अंडरब्रिज से रात में गुजरने से लोग घबराते हैं। दरअसल यहां लाइटिंग की व्यवस्था पूरी तरह लचर है। कभी कभार ही बल्ब जलते हैं। अंधेरे के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना न हो जाए, इसलिए लोग ब्रिज से दूरी बनाकर रखते हैं।
उखड़ने लगी सड़क, सरिया से गिरने का खतरा
ब्रिज के नीचे की सड़क का निर्माण ढलाई कर किया गया है। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि सड़क मजबूत रहे और लोगों को यहां से गुजरने में दिक्कत न जाए। लेकिन सड़क की हालत बेहद जर्जर है। सड़क उखड़ने के कारण अब जगह-जगह सरिया बाहर निकल आया है। इससे लोगों की जान को खतरा है। इसके अलावा गाड़ियांे के टायर भी आए दिन पंचर हो रहे हैं।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari