बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे बिना मास्क के पहुंचने वाले यात्रियों पर विशेष अभियान चलाकर जुर्माने की कार्रवाई कर रही है। अभी तक बिलासपुर रेल मंडल 305 यात्रियों पर 500-500 रुपये जुर्माना किया गया। हालांकि अभियान समाप्त होने के बाद भी जांच और कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क व दो गज की दूरी का पालन करना अनिवार्य है। रेलवे में दो गज दूरी का पालन तो होना मुश्किल है। पर मास्क को लेकर जरुर सख्ती बरती जा रही है। रेलवे बोर्ड से भी बिना मास्क के यात्रियों पर जुर्माना करने की छूट दी गई। रेलवे इस छूट के तहत कड़ाई बरत रही है। 13 जनवरी से विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
27 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत अब तक रेल मंडल में 305 यात्रियों पर जुर्माना किया गया है। हालांकि इस दौरान कई ऐसे यात्री भी थे, जो जुर्माना जमा करने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे यात्रियों को हिदायत दी गई कि वे मास्क अवश्य लगाए। दोबारा लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलाव जिन्होंने मास्क की जगह चेहरे पर गमछा या रूमाल बांधा था, उन्हें भी सख्त चेतावनी दी गई कि यह नियमों का उल्लंघन है। उन्हें बताया भी गया कि स्टेशन के कुछ स्टालों में मास्क उपलब्ध है। वहां से खरीदकर मास्क लगा सकते हैं।
लेकिन इससे पहले उन पर जुर्माना किया गया। रेलवे का कहना है कि कमर्शियल विभाग के साथ- साथ आरपीएफ भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। इस विशेष जांच से बिना मास्क के यात्रियों में कमी आई है। इसीलिए अभियान समाप्त होने के बाद भी रेलकर्मी इसी तरह जांच कर कार्रवाई करेंगे।
Posted By: anil.kurrey