बिलासपुर। प्रदेश भाजपा ने 16 मई को राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोलने का ऐलान कर दिया है। इस दिन राज्य शासन द्वारा जारी आदेश की खिलाफत करते हुए धरना प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। कलेक्टोरेट का घेराव के साथ ही अपनी गिरफ्तारी भी देंगे। भाजपा ने इसे जेल भरो आंदोलन का नाम दिया है। खास बात ये कि भाजपा के इस आंदोलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी व स्वयंसेवक भी नजर आएंगे। आरएसएस के इस आंदोलन में कूदने से प्रदेश की राजनीति गरमाने लगी है।
धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने से पूर्व राज्य शासन ने अनुमति लेने की बाध्यता कर दी है। सरकार के इस आदेश की खिलाफत करने के लिए भाजपा ने सड़क की लड़ाई लड़ने का ऐलान कर दिया है। 16 मई को प्रदेश भाजपा के बैनर तले प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे और अपनी गिरफ्तारी देंगे। भाजपा के जेल भरो आंदोलन के ऐलान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमाने लगी है। प्रदेशभर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। आंदोलन की धार को मजबूती देने और सरकार के खिलाफ प्रभावी ढंग से विरोध प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी मैदान में कूद गया है। भाजपा के आंदोलन में आरएसएस के पदाधिकारियों के अलावा स्वयंंसेवक भी नजर आएंगे।
शनिवार को इस संबंध में संभागीय भाजपा कार्यालय में भाजपा व संघ के आला पदाधिकारियों की बैठक हुई। जेल भरो आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने का निर्णय लिया है। खास बात ये कि संघ के पदाधिकारियों ने आंदोलन के दौरान भीड़ नियंत्रित व संयमित रहे इसकी जिम्मेदारी लेने की बात भी दिग्गज पदाधिकारियों से की है।
भाजपा व संघ के अनुषांगिक संगठन की बढ़ी सक्रियता
राज्य सरकार के खिलाफ 16 मई को भाजपा का बड़ा राजनीतिक शो होगा। इसे देखते हुए भाजपा व संघ के अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। भाजपा व संघ के रणनीतिकारों की कोशिश है कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रभावी भीड़ जुटे। भीड़ इतनी हो कि आम लोगों व शहरवासियों में संदेश जाए। सकारात्मक व प्रभावपूर्ण संदेश देने के लिए रणनीतिकारों ने अपनी योजना पर अमल करना शुरू कर दिया है।
जिलाध्यक्ष ने एसडीएम को दी जानकारी
जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने शुक्रवार को एसडीएम बिलासपुर को पत्र लिखकर राज्य सरकार के आदेश की खिलाफत करते हुए 16 को कलेक्टोरेट का घेराव करने और जेल भरो आंदोलन करने की जानकारी दी है। नेहरू चौक से रैली की शक्ल में भाजपाई कलेक्टोरेट की ओर कूच करेंगे।
भाजपा वाली खबर का बाक्स लगाएं
कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश में भय का वातावरण बनाकर लोगों के मौलिक अधिकार छीनने का प्रयत्न कर रही है। 16 तारीख को इस अत्याचारी, दमनकारी, लोकतंत्र विरोधी सरकार के विरुद्ध विद्रोह का शंखनाद करना है। प्रदेश की सरकार डरी हुई है जो अपने विरुद्ध होने वाले किसी भी आंदोलन को कुचलने के लिए विभिन्न् कुप्रयास कर रही है। कांग्रेस के तीप वर्षों में जनता को वादाखिलाफी, झूठ, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला। अब जनता पूछ रही है कि जो वादे करके कांग्रेस सत्ता में आई थी वह कहां हवा हो गए। यह सरकार जनता की सवालों से डरकर काला कानून लेकर आई है। इसके विरोध में भाजपा 16 मई को भाजपा कार्यकर्ता कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
अमर अग्रवाल-पूर्व मंत्री छग शासन
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, पूर्व महापौर किशोर राय व उमाशंकर जायसवाल, गुलशन ऋषि, अशोक विधानी, मनीष अग्रवाल, प्रबीरसेन गुप्ता, राजेश मिश्रा, विजय सिंह, महेश चंद्रिकापुरे, उदय मजूमदार, विजय ताम्रकार, राजेश सिंह, बंधु मौर्य, निखिल केशरवानी, जयश्री चौकसे, सुनीता मानिकपुरी, पल्लव धर, चंद्रप्रकाश मिश्रा, जुगल अग्रवाल, अजीत सिंह भोगल, अरविंद बोलर, संदीप दास, धीरेन्द्र केशरवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपाइयों की उपस्थिति रही।
Posted By: Yogeshwar Sharma
- #Political News Bilaspur
- #Bilaspur News
- #Hindi News
- #News
- #Bilaspur Political News
- #Political News Bilaspur
- #Humar Bilaspur
- #Political News Bilaspur
- #Political News Bilaspur
- #Bilaspur
- #RSS
- #BJP's Jail Bharo Andolan
- #BJP
- #BJP's performance on May 16
- #Congress government
- #Congress
- #राजनीतिक समाचार बिलासपुर
- #बिलासपुर समाचार
- #हिंदी समाचार
- #समाचार
- #बिलासपुर राजनीतिक समाचार
- #राजनीतिक समाचार बिलासपुर
- #हमर बिलासपुर
- #राजनीतिक समाचार बिलासपुर
- #राजनीतिक समाचार बिलासपुर
- #बिलासपुर
- #आरएसएस
- #भाजपा के जेल भरो आंदो