बिलासपुर। आज नौतपा का दूसरा दिन है। सुबह से सूर्य का प्रभाव तेज है। तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। आसमान में बीच-बीच में बादल भी नजर आने लगे हैं। धूप तो कभी छांव वाली स्थिति है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों का एक झुंड रतनपुर के आसपास है जो धीरे-धीरे शहर की ओर बढ़ रहा है। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
नौतपा का पहला दिन गर्मी भरा रहा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वातावरण में अभी गर्मी और उमस है। गुरुवार शाम एवं शुक्रवार सुबह हल्की वर्षा हुई। यह स्थिति अभी बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। आने वाले एक-दो दिनों में तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है लेकिन हल्की वर्षा हो सकती है। फिलहाल मौसम में गर्मी अभी बनी रहेगी। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग नई दिल्ली की ओर से देश भर में हीटवेव समाप्त होने की घोषणा कर दी गई है यानी अब तू जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
इधर बिलासपुर में शहरवासी गर्म हवाओं से परेशान और हलकान है। खासकर सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक गर्म हवाएं चल रही हैं। जिसके कारण लोगों को स्वास्थ्य से संबंधित परेशानियां भी होने लगी है। इधर चिकित्सक मरीजों को धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं।
खासकर छोटे बच्चे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान देने की जरूरत है। धूप में निकलते वक्त स्कार्फ या छाते का प्रयोग करना चाहिए संभव हो तो सनग्लास चश्मा भी लगाना चाहिए। तापमान में अभी कोई खास परिवर्तन नहीं होगा लेकिन तापमान में एक दो डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिलासपुर व आसपास के क्षेत्रों में एक-दो दिनों में हल्की वर्षा हो सकती है।
Posted By: Manoj Kumar Tiwari
- # Summer Weather Update
- # Bilaspur weather update
- # weather in Bilaspur
- # Bilaspur weather report
- # Bilaspur weather forecast
- # temperature in Bilaspur
- # Top news today bilaspur