Bilaspur Weather Update: बिलासपुर। गर्मी ने इन दिनों सभी को व्याकुल कर रखा है। दिन में भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास है वही रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल पा रहा है। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच चुका है।

न्यायधानी में इन दिनों गर्मी का प्रकोप तेज है। तेज धूप चमड़ी जला रही है। गर्म हवा चलने से लोग परेशान और हलकान हैं। कूलर और एसी भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। आलम यह है कि शहर में दोपहर को प्रमुख मार्ग में सन्नाटा पसरा रहता है। बाजार में भी चहल-पहल कम हो जाती है।

गर्मी का असर ना केवल आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त किया है बल्कि बाजार को भी शांत कर दिया है। गर्मी बढ़ने के कारण स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं भी उत्पन्न होने लगी है। सर्दी खांसी बुखार उल्टी दस्त और हाथ पैर में दर्द जैसी समस्याएं आम हो गई है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि जल्दी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा।

बिलासपुर में आज शाम को भी तेज हवा चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी संभावित है। 27 मई को हल्की वर्षा होगी। वही 25 मई से नौतपा भी प्रारंभ होगा। ऐसा माना जा रहा है कि इस साल नौतपा पहले जैसा नहीं चलेगा। अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री के भीतर ही रहने की संभावना है।

नौतपा में इस साल वर्षा होने की स्थिति बन रही है। यदि ऐसा हुआ तो लोगों को प्रचंड गर्मी से निश्चित रूप से राहत मिलेगी। मंगलवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

गर्मी से बचने लोग कई प्रकार के उपाय भी कर रहे हैं। स्कार्फ बांधकर घर से निकल रहे हैं वहीं सड़कों पर ज्यादातर लोग छाते के साथ दिख रहे हैं। बाइक के बजाए कुछ लोग चार पहिया वाहनों का भी प्रयोग कर रहे हैं जिससे कि धूप से बचा जा सके।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़