बिलासपुर। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने सवारी से भरे आटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। हादसे में छह लोगों को चोंटे आई है। इसकी सूचना पर डायल 112 के वाहन से घायलों को सिम्स में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चकरभाठा क्षेत्र के परसदा आवासपारा में रहने वाले गोविंद लोधी परिवार के सदस्यों के साथ शहर आए थे।

गुरुवार की रात नौ बजे वे आटो क्रमांक सीजी 10 यू 7901 से अपने घर आवास पारा परसदा जा रहे थे। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र के शिवांगी फूड के पास सामने से तेज रफ्तार आ रहे ट्रैक्टर चालक ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से आटो पलट गई। घटना में आटो सवार गोविंद लोधी, सरवन लोधी, दीपक लोधी समेत एक महिला को गंभीर चोट आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 की टीम आरक्षक राजेश श्रीवास और चालक चंचल धुरी तत्काल घटना स्थल पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सिम्स में भर्ती कराया गया है। तीन लोगें को सामान्य चोटे आई हैं। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तालाश में जुटी है।

हादसे के बाद तड़पते रहे घायल

हादसे के बाद घायल मौके पर ही तड़पते रहे। आसपास के लोग इसका वीडियो बनाते रहे। किसी ने घायलों की मदद नहीं की। किसी ने इसकी जानकारी डायल 112 को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा।

Posted By: Yogeshwar Sharma

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़