Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सिरगिट्टी पुलिस ने गांजा तस्करी कर रहे नाबालिग और युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित ओडिशा से गांजा लेकर मैहर जा रहे थे। दोनों आरोपित उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उनसे गांजा सप्लायर के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
सिरगिट्टी पुलिस को रविवार की शाम सूचना मिली कि हाईटेक बस स्टैंड के पास दो लोग गांजा लेकर उसलापुर की ओर जा रहे हैं। दोनों आटो की तलाश कर रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी पौरूष पुर्रे ने जवानों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जवानों ने हाईटेक बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर रामनरेश(21) निवासी बनसका थाना गिरवा जिला बांदा उत्तर प्रदेश व एक नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों गोलमोल जवाब दे रहे थे। इस पर उनके बैग की तलाशी ली गई। बैग में 11 किलो गांजा मिला। जवानों ने गांजा जब्त कर आरोपित युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रेलवे से हो रही गांजा की तस्करी
बीते दिनों रेलमार्ग से गांजा तस्करी करने वाली महिला और दो लोगों को तोरवा और तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में तस्करों ने रेलमार्ग से गांजा लाना स्वीकार किया है। वहीं, रविवार की शाम पकड़े गए तस्करों ने भी ओडिशा से ट्रेन में गांजा लाना बताया है। पुलिस ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी है।
शहर में कई जगह पर बिक रहा गांजा
इधर शहर में भी कई जगहों पर गांजा की बिक्री की जा रही है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी इस पर लगाम नहीं लग सका है। शहर के सिविल लाइन, कोतवाली, सरकंडा, तोरवा क्षेत्र में देर रात तक नशीले पदार्थ की बिक्री की जा रही है। इस पर रोक लगाने अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं।
Posted By: Yogeshwar Sharma
- Font Size
- Close