बिलासपुर। रात में गर्मी महसूस हुआ। तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तड़के मौसम बदल गया। गुरुवार सुबह एक-दो स्थानों में मेघ बरसे। शहर में भी बूंदाबांदी हुई। दोपहर को गर्मी गायब है। ठंडी हवा चल रही है। मौसम विभाग की मानें तो 20 मार्च तक अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। गरज-चमक के साथ वर्षा एवं ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी वातावरण में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पूर्वी-ईरान के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य राजस्थान और उससे लगे क्षेत्र के ऊपर स्थित है। प्रदेश में दक्षिण-पूर्व से नमी युक्त हवा का आगमन बंगाल की खाड़ी से लगातार हो रहा है।

मध्य स्तर पर पश्चिमी द्रोणिका का प्रभाव 16 से 20 मार्च तक रहने की संभावना है। इधर एक दिन पहले बुधवार को गर्मी का असर बना रहा। जिसके कारण दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह है कि आज इसमें गिरावट संभावित है।

गुरुवार देर रात तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज -चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने तथा ओलावृष्टि की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। बिलासपुर के अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी रहेगी।

20 मार्च के बाद मौसम साफ

मौसम विभाग की मानें तो 20 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा। इसके पहले हल्की वर्षा एवं ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम साफ होने के बाद एकाएक गर्मी बढ़ेगी। तापमान में वृद्धि होगी। मार्च का अंतिम सप्ताह गर्मी वाला होगा। किसान मौसम को लेकर बेहद चिंतित है। गेहूं की फसल को लेकर परेशान है। किसी तरह वर्षा ना होने प्रार्थना कर रहे हैं।

Posted By: Manoj Kumar Tiwari

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close