धमतरी। Dhamtari News: शहरी सीमा क्षेत्र से सात किलोमीटर की दूरी पर बसे ग्राम पंचायत भटगांव में एक अधेड़ की तैरती हुई लाश कुंए में मिली है। स्वजन व ग्रामीण दिनभर मृतक को ढूंढते रहे।

मिली जानकारी के अनुसार घटना 17 मई रात की है। मृतक चिंताराम देवांगन ( 50) वार्ड क्रमांक 15 निवासी गांव में ही पारिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दूसरे दिन बाद भी जब घर नहीं लौटा तो घर के लोग उसे यहां वहां ढूंढने लगे। दूसरे दिन शाम को कुएं में मृतक की लाश मिली। आशंका जताई जा रही है कि मृतक पारिवारिक कार्यक्रम में देर रात थाना खाने के बाद कुंए की मुंडेर पर बैठा रहा होगा और नशे की हालत में ही गिर गया होगा।

जानकारी के अनुसार मृतक की तीन संतान है। एक लड़की की शादी हो गई है। मृतक के घर में पत्नी, एक लड़का बसंत देवांगन (25) और लड़की बबली (22) है। ग्राम पंचायत भटगांव के पूर्व सरपंच मोहित देवांगन ने बताया कि घटना के दिन चूंकि गांव में कार्यक्रम था तो मेजबान परिवार ने सोचा कि मृतक घर चले गया और मृतक के स्वजन रात में सोंचते रहे की चिंताराम कार्यक्रम स्थल में ही होगा।

मृतक शहर के दीप ज्वेलर्स में बीते 12 सालों से कार्य करने आ रहा था। फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा कर लाश को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर छा गई है। रुद्री थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद कुएं से लाश को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Posted By: Ashish Kumar Gupta

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़