धमतरी। रिपेयरिंग के समय अचानक इंजन चालू होने के बाद हाइवा के चलने से उसके चक्के में दबने से ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं मैकेनिक की जान जैसे-तैसे बच गई। जानकारी के अनुसार दोनों वाहन के नीचे घुसकर मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक इंजन चालू हो गया।
दरअसल, 23 जनवरी की सुबह नगर पंचायत आमदी में हाइवा ट्रक खराब हो गया। यह हाइवा जोधापुर वार्ड धमतरी निवासी तिलेश्वर सिन्हा का है। वाहन को ग्राम पोखरा थाना राजिम निवासी नकुल राम साहू चलाता था। आमदी में वाहन बिगड़ जाने पर वह धमतरी से मोटर मैकेनिक प्रभु राम साहू निवासी जोधापुर को लेकर गया। मैकेनिक और ड्राइवर दोनों वाहन की नीचे घुसकर हाइवा को ठीक कर थे। अचानक इंजन चालू हो गया और हाइवा वाहन चलने लगा। गनीमत रही कि जिस समय हाइवा चला, मैकेनिक वाहन के नीचे बीच में था। इसलिए वह चक्कों के नीचे आने से बाल-बाल बच गया।
लेकिन ड्राइवर नकुल राम चक्के के नीचे में दब गया। उसके उपर से हाइवा का चक्का गुजर गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ दूर एक मकान की दीवार से टकराकर हाइवा रूका। इस घटना को लेकर लोग भी हड़बड़ा उठे। यदि वहां भीड़ होती तो हाइवा की चपेट में और भी लोग आ सकते थे। गाड़ी के रुकने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अर्जुनी एएसआइ बोधन ध्रुव घटनास्थल पहुंचे। पंचनामा के बाद शव को एंबुलेंस से धमतरी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया।
Posted By: Vinita Sinha
- Font Size
- Close