धमतरी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लगातार तेज गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को शनिवार शाम ओले के साथ हुई बारिश से राहत मिली है। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और इसी तरह की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र के कई गांव में शनिवार 11 जून की शाम तेज हवाओं और ओलों के साथ लगभग आधे घंटे तक बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली है। दिन भर आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद मौसम अचानक बदला। आसमान में काले बादल छाने लगे और उसके बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दिन का तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आई है।
शाम को अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मगरलोड विकासखंड अंतर्गत अनेक गांव में जमकर ओले के साथ बरसात होने से गर्मी से निजात मिली है। विकासखंड के ग्राम बेन्द्रचुआ, पठार, मूलगांव सरईरुख सहित आसपास के गांव में ओले के साथ भारी वर्षा हुई है। ग्राम बेन्द्रचुआ निवासी खेलेश्वर साहू ने बताया कि उन्होंने अपने 16 एकड़ जमीन पर बैंगन, टमाटर, फूलगोभी सहित अनेक सब्जियों की फसल लगाई है। बारिश से इसके खराब होने का अंदेशा है। क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी सब्जी फसल लगाई है।
ओले के साथ हुई बारिश से उनकी फसल के बर्बाद होने का अंदेशा बना हुआ है। अन्य किसानों की फसल भी प्रभावित हुई है। किसान राम भगत साहू दिनेश सोनकर पवन सोनकर ने कहा कि इन दिनों गर्मी के मौसम में भटा, टमाटर, बरबट्टी सहित अन्य सब्जियों की फसल लगाई गई है। अचानक हुई बारिश से सब्जी फसल के खराब होने की आशंका है। ओले गिरने से पौधे गिर गए हैं।
Posted By: Pramod Sahu
- Font Size
- Close
- # cg news
- # dhamtari news
- # rain
- # heat
- # relief from heat
- # धमतरी
- # ओलों के साथ बारिश