दुर्ग। Hyena attack on cattle in Durg जिले के धमधा क्षेत्र में बीते 15 दिनों से लकड़बग्घों की वजह से दहशत की स्थिति है। रात में मवेशियों पर हमला कर रहे हैं। अब तक दो मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं आधा दर्जन मवेशी घायल हैं। घटना सामने आने के बाद वन विभाग ने सर्चिंग शुरू कर दी है। वहीं रात में ग्रामीण भी अकेले घर से बाहर निकलने में कतराने लगे हैं। इधर नगर पंचायत द्वारा लोगों को आगाह किया जा रहा है कि रात में सतर्कता बरतें।
धमधा नगर पंचायत क्षेत्र में लकड़बग्घे पहुंचने लगे हैं। करीब 15 दिन पहले पूर्व पार्षद दीनबंधु सोनकर के आवास में बंधे बछड़े पर लकड़बग्घा ने हमला कर दिया था। उक्त बछड़े की मौत हो गई। घटना की जानकारी दूसरे दिन सुबह लगी। तब लोगों ने आशंका जताई थी कि जंगली जानवर के हमले में बछड़े की मौत हुई। इसके बाद जंगली जानवर को पकड़ने रात में एक मवेशी को खुले में बांधकर पहरा दिया गया। परंतु जंगली जानवर नहीं आए। इसके बाद अलग-अलग दिनों में आधा दर्जन मवेशियों पर लकड़बग्घाें ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। रविवार की रात भी दो मवेशियों पर लकड़बग्घों ने हमला किया। इसमें एक मवेशी की मौत हो गई वहीं एक बछड़ा घायल हो गया। अब तक जितने भी मवेशी घायल हुए हैं उनमें सभी के कान और शरीर के अन्य हिस्सों को नोचा गया है।
नदी क्षेत्र से आने की आशंका
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पूर्व में ग्राम रौंदा में भी गाय और बकरियों पर लकड़बग्घाें ने हमला किया था। अब धमधा में इस तरह की घटना हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि धमधा से चार किमी दूर माेतिमपुर में नदी के किनारे लगे जंगल क्षेत्र से लकड़बग्घे पहुंच रहे हैं। बताया जाता है कि रविवार की देर रात चौघड़िया तालाब के पास दो लकड़बग्घाें को 10 से 12 कुत्तों ने घेर लिया था। क्षेत्र के मोतीलाल साहू, जगमोहन साहू एवं मुरली ताम्रकार का कहना है कि लगातार इस तरह की घटना से मवेशी पालकों का परेशान होना स्वाभाविक है।
बयान-
- क्षेत्र में लकड़बग्घों के सक्रिय होने एवं मवेशियों पर हमले की जानकारी नगर पंचायत व वन विभाग को दी गई है। लकड़बग्घे रात में शिकार करने निकलते हैं उन्हें रात में पकड़ पाना ही संभव होगा। लकड़बग्घाें को पकड़कर सही स्थान पर भेज दिया जाएगा।
बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम
- लकड़बग्घों के आतंक की सूचना मिलने पर मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वन विभाग को पत्र लिखकर जानकारी देते हुए लकड़बग्घों को पकड़ने कहा गया है।
सुनीता राजीव गुप्ता, अध्यक्ष, नगर पंचायत धमधा
Posted By: Vinita Sinha
- Font Size
- Close