जगदलपुर। आम आदमी पार्टी ने जिले में श्रम कानूनों के पालन करवाने श्रमिकों / कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतनमान, अनिवार्य साप्ताहिक अवकाश, सामूहिक बीमा व अन्य नियमों के जमीनी स्तर पर परिपालन की मांग को लेकर लिए अध्यक्ष तरुणा साबे बेदरकर के नेतृत्व में संसदीय सचिव व विधायक रेखचंद जैन के कार्यालय का घेराव किया। हालांकि इसके पहले ही रैली की शक्ल में पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया था। बाद में प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन सौंपने की इजाजत दी गई थी।
पार्टी के कार्यकर्ताओं पहले हाता मैदान के पास धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद विधायक को घेरने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। हंगामे के बाद प्रतिनिधि मंडल को पुलिस सुरक्षा में श्रम विभाग के संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन से मिलाने ले जाया गया। संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने सभी विषयों पर जांच दल गठित करने व कार्रवाई करने की बात कही है।
पार्टी की लिा अध्यक्ष तरुणा साबे बेदरकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में श्रमिकों/कर्मचारियों के हितों का रक्षण हो सकें एवं कार्यस्थल पर उनका शोषण ना हो इस लिए विभिन्ना श्रम क़ानून बनाये गए हैं। इनका जमीनी स्तर पर पालन होते दिखाई नही पड़ता है। इस कारण पृथक राज्य निर्माण के 21 वर्ष उपरांत भी श्रमिको को उनका हक़ नही मिल रहा है। बस्तर समेत राज्य में सरकारी विभागों सहित निजी कंपनियों में विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से मानव संसाधनों की आपूर्ति करते हुए कार्य करवाए जा रहे हैं। इन एजेंसियों द्वारा अपने कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, अनिवार्य साप्ताहिक अवकाश और सामूहिक बीमा जैसी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
अन्य कोई सुविधा नही
छत्तीसगढ़ राज्य में नगरीय निकाय क्षेत्रों में संचालित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर काम करने वाले कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, अनिवार्य साप्ताहिक अवकाश, बीमा या अन्य कोई सुविधा नही मिल रही है। साथ ही गुमास्ता अधिनियम का परिपालन करवाने में जिम्मेदार अधिकारी व चुने हुए जनप्रतिनिधि असमर्थ साबित हुए हैं। संसदीय सचिव को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से उपरोक्त मांगों को पूरा करने की मांग की गई है।
इस दौरान पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष समीर खान, व्यापार व उद्योग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नवनीत सराठे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के बस्तर संभाग अध्यक्ष नजीम कुरैशी, सोशल मीडिया अध्यक्ष धीरज जैन, उपाध्यक्ष मोहसिन खान, फुलदास कश्यप, साजन कश्यप, जोगाराम मंडावी, फूलमती कुड़ियाम, सावित्री बंजारे, आम आदमी पार्टी के श्रमिक संगठन परेश्वर यादव, महेश यादव, अनंत राम पुजारी, सर्वेश कश्यप, चंदर साहनी, समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network