BJP Politics Chintan Shivir: जगदलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा है कि भाजपा दूसरी पार्टियों की तरह आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप नहीं देखती। भाजपा की नजर में समाज के सभी वर्ग उसके वोट बैंक हैं। सबका साथ सबका विकास पार्टी का ध्येय है। उन्होंने कहा कि आदिवासी व गरीब तबके के लोगों के विकास, कल्याण और उत्थान को सामने रखकर भाजपा योजनाएं बनाती है ताकि इन वर्गों को भी विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
जगदलपुर के एक होटल में आयोजित चिंतन शिविर के दूसरे दिन पत्रकारवार्ता में पुरंदेश्वरी ने उस सवाल के जवाब में यह बातें कहीं, जिसमें पूछा गया था कि आदिवासियों को वोट बैंक मानने के कारण भाजपा आदिवासी बहुत बस्तर में चिंतन शिविर कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास चाहती है। छत्तीसगढ़ के विकास के लिए सत्ता में आना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर भाजपा प्रदेश में सरकार बनाएगी।
कांग्रेस सरकार में चल रहा अंतर्कलह
पुरंदेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार में अंतर्कलह चल रहा है। विकास ठप है इसलिए जनता ध्यान भटकाने के लिए इनके द्वारा अनर्गल प्रलाप किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रदेशवासियों के साथ वादाखिलाफी की है। किसानों को खाद के लिए रुलाया। बिजली बिल आधा करने का वादा किया और विद्युत शुल्क बढ़ाकर बोझ डाल दिया। घोषणापत्र के वादे पूरे नहीं किए। शराबबंदी की बात कहकर मुकर गए।
कांग्रेस का सीएम तय नहीं, विरोध किसका करें
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में कुर्सी दौड़ चल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहेंगे या टीएस सिंहदेव, स्पष्ट नहीं है। भाजपा इन दोनों में किसे निशाने पर लेकर सरकार पर हमला बोलेगी, इसके लिए कांग्रेस हमें इंतजार करा रही है। पत्रकारवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय भी मौजूद थे।
चिंतन शिविर में जमीनी पकड़ मजबूत करने पर जोर
चिंतन शिविर में टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं को शीर्ष नेताओं ने फटकार लगाई है। उन्हें साफ तौर पर कहा गया है कि टिकट चाहते है। तो जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करें। पुरंदेश्वरी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि जनता के बीच वे अपनी छवि विनम्र रखें। पिछले चुनाव परिणाम से सबक लेना चाहिए।
Posted By: Kadir Khan