Female Naxalite Died सुकमा। जिले के कोंटा अस्पताल में दो दिन पहले रात में अज्ञात लोगों ने संदिग्ध परिस्थिति में नक्सली संगठन की महिला कैडर को भर्ती कराया। उस महिला को पीलिया की शिकायत थी। जिसने इलाज के दौरान 17 नवंबर को दम तोड़ दिया। इधर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई कि आखिरकार जिन लोगों ने इस महिला को भर्ती कराया और कहां से आई। महिला की पहचान केरलापाल एरिया कमेटी की सदस्य जोगी के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर की रात को कुछ व्यक्तियों ने नक्सली संगठन की महिला कैडर को कोंटा अस्पताल में भर्ती कराया। जिसकी सूचना मिलते ही कोंटा पुलिस ने वहां पर बल तैनात कर दिया। इधर पीलिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित महिला कैडर ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उस महिला की पहचान केरलापाल एरिया कमेटी की सदस्य जोगी के रूप में हुई। जो डीकेएसजेडसी मेंबर सुजाता की सुरक्षा टीम के कमांडर के रूप में काम करती थी।
इसके साथ ही कोंटा पुलिस मर्म कायम कर जांच पड़ताल कर रही है। मृतक महिला नक्सली कैडर की संदिग्ध परिस्थिति में इलाज के लिए अस्पताल ले जाने वाले व्यक्तियों तथा नक्सल संगठन से उनकी तालूकात के संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है। एसडीओपी रोहित शुक्ला ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक महिला की लाश कोंटा अस्पताल में रखी गई है। महिला के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
बोलेरो वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
केशकाल। केशकाल थाना क्षेत्र के बोरगांव तालाब के पास बुधवार की रात करीब 10ः30 बजे बालेरो वाहन की ठोकर से पैदल जा रहे युवक घायल हो गया। उसको तत्काल केशकाल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केशकाल सुभाष चौक निवासी 22 वर्षीय युवक गुलाम मोहम्मद बुधवार की शाम शादी समारोह से भोजन करके मस्जिद गली से बस स्टैंड पहुंचा था। वहां से गुलाम अपने दोस्त सलमान के साथ पैदल टहलने के लिए बोरगांव की ओर गया।
वहां से वापसी के दौरान बोरगांव तालाब के समीप जगदलपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की अज्ञात बोलेरो ने गुलाम को पीछे से इतनी जबरदस्त ठोकर मारी कि उक्त युवक करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरा। इसके बाद बोलेरो वाहन ने बस स्टैंड में सड़क किनारे खड़ी तीन-चार दुपहिया व एक चारपहिया वाहन को भी ठोकर मार कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करते हुए घाटी की ओर फरार हो गया।
इधर टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के घर के लोग बाहर आए और घायल युवक को तत्काल केशकाल अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते केशकाल थाना प्रभारी समेत स्टाप पहुंच जांच में जुटे गए।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close