जगदलपुर। मिनी नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात में शुक्रवार दोपहर एक महिला ने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला को छलांग लगाने से लोग मना भी कर रहे थे, लेकिन महिला नहीं मानी। इसके बाद कुछ लोगों ने उसके कूदने का वीडियो भी बनाते रहे और फिर उसे इंटरनेट मीडिया में अपलोड कर दिया।
घटना के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारी महिला की तलाश में जुट गए हैं। इस मामले के बारे में एसडीओपी पंकज ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को एक महिला जलप्रपात के पास अकेले आई। देखते ही देखते वह धीरे-धीरे पानी के बीच पहुंच गई। इस दौरान यहां घूमने आए लोगों ने पहले तो उसे जाते देखा, लेकिन बाद में उसकी नीयत को देखने के बाद उसे मना किया।
वहीं कुछ लोगों ने उसका वीडियो भी बनाया। महिला को बार-बार आवाज देने के बाद भी महिला किसी की भी नहीं सुनी और जलप्रपात में छलांग लगा दी। पुलिस दोपहर से महिला की लाश को खोजने में लगी हुई है। वहीं महिला का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल महिला कौन है, कहां से आई है, क्यों कूदी, यह रहस्य बना हुआ है। महिला की लाश मिलने के बाद ही उसके बारे में कुछ जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।
इधर कई लोगों का मानना है कि अगर कुछ युवक - युवतियां थोड़ा साहस जुटाते और उक्त महिला के पास जाकर उसे मनाने और बचाने की कोशिश करते तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। ये कोई पहला मौका नहीं है जब चित्रकोट जलप्रपात से किसी ने कूदकर खुदकशी की हो। यहां हमेशा सुरक्षा जवानों की मांग की जाती रही है लेकिन इस अनिवार्य मांग को कभी किसी ने महत्वपूर्ण नहीं माना।
इस पूरे घटनाक्रम में एक अमानवीय पहलू यह भी है कि जब युवती चित्रकोट जलप्रपात में कूदने के लिए आगे बढ़ रही थी तो उसे मना करने वाले कुछ गिनती के लोग थे तो उसका वीडिया बनाने वाले कहीं अधिक। शर्मनाक तो यह भी है कि निर्लज्ज लोगों ने इस वीडिया को इंटरनेट मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close