जांजगीर - चांपा । ओडिशा से लौट रहे सक्ती जिले के तीर्थयात्रियों से कटक जिले में मंगोली के पास टोल नाके में अवैध वसूली और मारपीट मामले में चार लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज हुआ है।जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के ग्राम मल्दा के कुछ ग्रामीण बस से रामेश्वरम गए थे। वे ओडिसा के रास्ते वापस आ रहे थे तो वहां के कटक जिले के मंगोली के पास महानदी टोल नाके में तीर्थयात्रियों से मारपीट की गई। इसका ग्रामीणों में से किसी ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।
साथ ही सक्ती जिला प्रशासन से भी संपर्क किया तब प्रशासन ने ओडिशा प्रशासन से संपर्क किया। सक्ती के अधिकारियों ने ओडिशा के अधिकारियों से कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्जकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। इसके बाद कटक जिले के अतरगढ़ थाने में इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
तीर्थयात्री ग्राम मल्दा की कृष्णलीला मंडली के सदस्य हैं। वे रामेश्वरम यात्रा के लिए निकले थे। भुवनेश्वर के नंदन कानन घूमने के बाद संबलपुर के रास्ते से घर वापसी के लिए निकले थे। टोल नाका कर्मियों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस घटना की निंदा करते हुए ट्वीट भी किया है।
Posted By: Yogeshwar Sharma