जशपुरनगर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। कुपोषण के अभिशाप से प्रदेश को मुक्त कराने के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी रेडी टू ईट कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। योजना के तहत पैकेट बंद पोषण आहार निर्माण का काम महिला स्व सहायता समूहों से छीनकर छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम को सौंपने के सरकार के खिलाफ स्व सहायता समूहों के साथ भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है।
शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती ममता कश्यप ने नगरपालिका जशपुर की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और प्रदेश भर की गरीब महिलाओं का स्वरोजगार छीनकर महिलाओं को पूरे परिवार सहित भूखे मारने की कांग्रेस सरकार के तुगलकी फरमान के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने का अनुरोध किया।
कांग्रेस की भूपेश सरकार की इस महिला विरोधी निर्णय पर नाराजगी जताते हुए श्रीमती जूदेव व्यापक आंदोलन शुरू करने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि रेडी टू इट कार्यक्रम से जुड़ा यह विवाद बीते 6 माह से चला आ रहा है। सरकार के इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए उत्पादन कार्य से जुड़ी महिलाएं जशपुर से लेकर रायपुर तक धरना प्रदर्शन कर चुकी है। लेकिन अब तक उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई है। इससे प्रदेश की हजारों महिलाओं में नाराजगी व्याप्त है।
महिला विकास का सब्जबाग दिखा कर,विरोधी काम कर रही है सरकार
प्रदेश सरकार के फैसले पर नाराजगी जताते हुए श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव ने कहा कि एक ओर जहां कांग्रेस सरकार और पार्टी के जनप्रतिनीधि व कार्यकर्ता गोठानों से जोड़ को महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का ढोल पीट रहें हैं,वहीं दूसरी ओर रेडी टू ईट पोषण आहर के उत्पादन का काम छीनकर हजारों महिलाओं को बेरोजगारी की ओर सरकार ढकेल रही है। सरकार का यह दोहरा चरित्र जनता के सामने उजागर हो गया है। महिलाओं के हित में भाजपा प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रभारी होने के नाते भाजपा के नेताओं से चर्चा कर कांग्रेस सरकार के इस तुगलकी फरमान के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close