जशपुरनगर। जिले के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने रविवार को पार्टी संगठन, जनप्रतिनिधियों और पार्टी से जुड़े अनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक कर,संगठन के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति व मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शनिवार की रात को साव अंबिकापुर से जशपुर पहुंचें थे। यहां गम्हरिया चौक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रविवार को उन्होनें शहर के वशिष्ठ कम्युनिटी हाल में संगठन की बैठक ली। इस बैठक में जशपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 7 मंडल,मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में उन्होनें जशपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन के विस्तार की जानकारी ली। उन्होनें शक्ति केन्द्र स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर देते हुए कहा कि अगर हमने बूथ को साध लिया तो चुनाव को साधना आसान हो जाएगा। पार्टी के पदाधिकारियों को कहा क जब भी कोई कार्यक्रम का आयोजन हो,शक्ति केन्द्र प्रभारी और कार्यकर्ताओं को पूरी प्राथमिकता दें। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेशाध्यक्ष को जिले में मोर आवास मोर अधिकार अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिले भर में आयोजित किए गए कार्यक्रमों की प्रदेशाध्यक्ष ने सराहना करते हुए भाजपा के पक्ष में महौल बनाने के लिए केन्द्र सरकार की योजना और उपलब्धियों को जनता के बीच अधिक से अधिक प्रचारित करने पर जोर दिया। उन्होनें कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पार्टी ने विश्व का सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दर्जा अपने कार्यकर्ताओं के बूते ही प्राप्त किया है। अब समय आ गया है कि कार्यकर्ता,कांग्रेस की भ्रष्ट और नकारा सरकार को उखाड़ फेंकें। बैठक में सांसद गोमती साय,पार्टी के प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव,पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय,जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता,पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष यशवंत जैन,पूर्व गृह मंत्री राम सेवक पैंकरा,प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय,जिला उपाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह,शौर्य प्रताप सिंह जूदेव,जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत,पालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता,शंकर गुप्ता सहित जशपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
Posted By: Yogeshwar Sharma
- Font Size
- Close