अंतागढ़ (निप्र)। चारगांव खदान को बंद करने की नक्सलियों ने चेतावनी दी है। इसी के तहत उन्होंने शुक्रवार को यहां सड़क निर्माण में लगे एक पोकलेन को आग के हवाले कर दिया। इससे करीब 50 लाख रुपए की पोकलेन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वहां काम पर लगे करीब ढाई सौ मजदूर भाग खड़े हुए। इससे काम ठप हो गया है।

नागपुर की निको कंपनी द्वारा लीज में ली गयी चारगांव की पहाड़ी में पिछले दो महीने से खदान को चालू करने की तैयारी जोरों पर थी। पहले चरण के तहत पेड़ कटाई और पहाड़ के ऊपर जाने के लिए सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। पहाड़ी की चोटी पर दो घाट का काम समाप्त होने के पश्चात तीसरे घाट का काम चल रहा था। शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे 25-30 हथियारबंद नक्सली जंगल की ओर से पहुंचे और काम रुकवा दिया। इसके बाद पोकलेन को फूंक दिया। इनमें 5-6 महिला नक्सली भी थीं। नक्सलियों ने मजदूरों को काम पर नहीं आने की चेतावनी दी तथा खदान प्रबंधन को भी पर्चे के माध्यम से खदान को बंद करने का फरमान जारी किया। पोकलेन को जलाने के पश्चात लाल सलाम जिंदाबाद के नारे लगा स्थल पर पर्चे फेंककर नक्सली जंगल की ओर चले गये।

Posted By:

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़