स.लोहारा (नईदुनिया न्यूज)। समीपस्थ ग्राम वीरेन्द्रनगर में 11 से 17 जनवरी तक आयोजित नौ कुंडीय श्री सुरभि महायज्ञ की तैयारियां जोरों से चल रही है। यज्ञशाला, संत निवास, राम दरबार, सुरभि कुटिया, अखण्ड संकीर्तन कुटिया का निर्माण करने में श्रद्घालु भक्त जुटे हुये हैं। नागा बाबा देवस्थल इस क्षेत्र का प्रसिद्घ स्थल है जहां प्रतिवर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर विशाल मेला लगता है। इसी स्थल पर महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। श्री पाटेश्वरधाम के संरक्षण में सामाजिक समरसता बनाये रखने के लिए अब तक 88 महायज्ञ संपन्न हो चुके हैं। इस श्रृंखला का यह 89 वां यज्ञ है। सात तल के विशाल यज्ञशाला सहित अन्य निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है जिसमें यज्ञ समिति तथा क्षेत्रीय श्रद्घालु भक्त तन्मयता से सेवा प्रदान कर रहे हैं।
11 को कलशयात्रा
महायज्ञ रामजानकीदास जी महात्यागी के संरक्षण, रामबालकदास जी महात्यागी के संचालन तथा पं गजानंद प्रसाद शर्मा के आचार्यत्व में संपन्न होगा। प्रथम दिन 11 जनवरी को भव्य कलशयात्रा निकलेगी, अग्नि प्राकट्य के साथ ही महायज्ञ का शुभारंभ होगा। 12 से 16 जनवरी तक प्रतिदिन महायज्ञ की आहूतियॉ होंगी। स्थानीय विद्वान ब्राह्मणों द्वारा यज्ञ कार्य संपन्न कराये जायेंगे। नित्य कार्यक्रमों में सुबह 5 बजे जागरण, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक महायज्ञ आहूतियॉ, दोपहर 2 बजे से संत रामबालकदास द्वारा श्री राम कथा की अमृतवर्षा होगी। अन्य अनेक संत महात्माओं की कथा रूपी सुधा रस का पान करने का अवसर लोगों को मिलेगा। रात्रि में भेड़ागढ़ बोड़ला की मण्डली द्वारा श्री रामलीला का मंचन होगा। महायज्ञ को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह है। बाबाजी द्वारा यज्ञ के प्रचार के लिए तीन दिवसीय प्रचार यात्रा भी निकाली गयी, जिसमें क्षेत्र के अनेक गॉवों में जाकर निमंत्रण दिया गया तथा यज्ञ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। कोरोना का बढ़ता संक्रमण भी आयोजकों को चिंता में डाल रहा है।
Posted By: Nai Dunia News Network