बांकीमोंगरा (नईदुनिया न्यूज)।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने किसानों की फसल को बेसहारा मवेशियों द्वारा पहुंचाए जा रहे नुकसान को लेकर निगम के जोन कार्यालय में नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। माकपा के प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने पर 22 सितंबर को किसानों के साथ मिलकर वार्ड और आसपास के बेसहारा मवेशियों को जोन कार्यालय में बंद कर बांकी नगर निगम जोन कार्यालय का माकपा घेराव करेगी।
माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर ने कहा कि बे सहारा मवेशियों के कारण फसलों की नुकसानी, सड़क में हादसे और ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। किसानों की आर्थिक स्थिति पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है और किसानों के एक मात्र आय का साधन खेती-किसानी भी बेसहारा मवेशियों के कारण बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। मवेशियों की उचित व्यवस्था करने के बजाए बहाना बनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इस समस्या को देखते हुए रोका छेका और गोठान जैसी योजना बनाई है, पर नगर निगम की लापरवाही के कारण निगम क्षेत्र के किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर तत्काल लावारिस मवेशियों का उचित व्यवस्था और समाधान नहीं किया जाता है तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। इस मौके पर माकपा जिला सचिव प्रशांत झा, पार्षद राजकुमारी कंवर की अगुवाई में छत्तीसगढ़ किसान सभा के अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर, बलराज बिंझवार, छोटू, किसान समारू बिंझवार, बरातू यादव, देवचरण, शोभित राम, प्रीतम यादव समेत अन्य उपस्थित रहे।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close